पशु चिकित्सा विभाग के पांच अधिकारी निलंबित - rashtrmat.com

पशु चिकित्सा विभाग के पांच अधिकारी निलंबित

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में संपन्न हुई। कलेक्टर ने बैठक में लापरवाही बरतने वाले सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी उमेश शुक्ला, राजीव शुक्ला, अंकित कारपेंटर एवं मुन्नालाल कोल को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंगेव में पदस्थ पशुचिकित्सक डॉ रत्नेश सिंह के निलंबन का प्रस्ताव कमिश्नर रीवा संभाग को प्रेषित करने के लिए निर्देशित किया।

लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें

बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पशु नस्ल सुधार के तहत कृत्रिम गर्भाधान अभियान तथा पशुपालन विभाग की योजनाओं का नियत समय में निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए जागरूक करने के साथ ही अन्य योजनाओं से जागरूक कराएं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कृत्रिम गर्भाधान के लक्ष्य को संबंधित अधिकारी-कर्मचारी पूरा करें। आगामी 15 दिनों बाद पुन: समीक्षा की जाएगी।

प्रगति दस फीसदी कम है तो नोटिस दें

उन्होंने कहा कि जो गौ मित्र कार्य नहीं कर रहे हैं उन्हें भी हटाया जाए तथा गौ मित्रों को प्रशिक्षण दिलाया जाए। कलेक्टर ने गौवंश में गर्भ परीक्षण व वत्स्योत्पन की प्रवृष्टि नियत पोर्टल में कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृत्रिम गर्भाधान अभियान में व्यक्तिगत रूप से जिन अधिकारियों- कर्मचारियों की प्रगति 10 प्रतिशत से कम है उन्हें नोटिस जारी करें तथा सभी को प्रति दिवस का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने के लिए निर्देशित करें।