रायगढ़ में कोल ब्लॉक को लेकर उग्र विरोध,महिला TI को मारी लात - rashtrmat.com

रायगढ़ में कोल ब्लॉक को लेकर उग्र विरोध,महिला TI को मारी लात

राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर/रायगढ़(ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में JPL कोयला खदान के खिलाफ धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों को हटाने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। महिलाओं ने महिला थाना प्रभारी कमला पुषाम  को लात मारी। पुलिस पर पथराव किया। 3 गाड़ियों में आग लगा दी। मामला तमनार के सीएचपी चौक का है।ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। देखते ही देखते यह विरोध उग्र हो गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

cg news (99)

इलाके में अफरा-तफरी मच गई

 रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में औद्योगिक परियोजना को लेकर तनावपूर्ण हालात बन गए हैं। तमनार के धौराभाठा गांव में जिंदल उद्योग को आवंटित गारे-पेलमा सेक्टर-1 कोल ब्लॉक में प्रस्तावित भू-अधिग्रहण और खनन परियोजना के विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। देखते ही देखते यह विरोध उग्र हो गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कोल ब्लॉक के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश

ग्रामीणों का कहना है कि गारे-पेलमा कोल ब्लॉक में प्रस्तावित खनन से उनकी जमीन, जंगल और आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा। इसी विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण सीएचपी चौक पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने परियोजना को तत्काल रोकने और भू-अधिग्रहण रद्द करने की मांग की।

पुलिस और ग्रामीणों के बीच झूमाझटकी

धरने को हटाने के लिए जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो हालात बिगड़ते चले गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पहले धक्का-मुक्की हुई, जो बाद में झूमाझटकी और पथराव में बदल गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर पत्थर फेंके, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

थाना प्रभारी कमला पुषाम घायल

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में महिला थाना प्रभारी कमला पुषाम घायल हो गई हैं। उन्हें फौरन अस्पताल पहुंचाया गया। रायगढ़ DSP सुशांतो बनर्जी ने बताया कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।बताया जा रहा है कि 14 गांव के लोग JPL कोयला खदान की प्रस्तावित जनसुनवाई के खिलाफ 15 दिनों से धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों को कंट्रोल करने के लिए फिलहाल बड़ी संख्या में फोर्स तैनात है। भीड़ ने 3 गाड़ियों में आग लगाई है।  हिंसा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक बस समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ की और आग भी लगा दी। सड़क पर धुआं और आग की लपटें उठती देख इलाके में दहशत फैल गई।

रायगढ़ में भीड़ ने तीन वाहनों में आग लगा दी।

गांव में तनाव, अतिरिक्त बल तैनात

घटना के बाद धौराभाठा और आसपास के गांवों में भारी तनाव का माहौल है। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि हालात और न बिगड़ें।

30 से 35 लोग हिरासत में

पुलिस प्रशासन ने हिंसा और आगजनी के मामले में सख्ती दिखाते हुए 30 से 35 लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और आगे भी गिरफ्तारी हो सकती है।