राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)। बालाघाट जिले में किसान रबी की फसल में धान नहीं लगाने के प्रशासन के निर्देश का विरोध कर रहे हैं। किसानों ने लगातार 10 घंटे दिन में बिजली देने की मांग के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।किसान गर्जना संगठन के जिलाध्यक्ष अरविंद चौधरी ने बताया कि सरकार ने चुनाव में किसानों से फसल के उचित दाम और 24 घंटे बिजली देने जैसे वादे किए थे, जो पूरे नहीं हुए हैं।

रबी में धान की खेती करेंगे
सोमवार को किसान गर्जना संगठन के नेतृत्व में जिले के किसानों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रशासनिक अधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा। किसानों का कहना है कि बालाघाट को ‘धान का कटोरा’ कहा जाता है। वे शासन और प्रशासन के धान नहीं लगाने के फरमान को नहीं मानेंगे और रबी में धान की खेती करेंगे।
सरकार 24 घंटे बिजली नहीं दे रही
किसान गर्जना संगठन के जिलाध्यक्ष अरविंद चौधरी ने बताया कि सरकार ने चुनाव में किसानों से फसल के उचित दाम और 24 घंटे बिजली देने जैसे वादे किए थे, जो पूरे नहीं हुए हैं। वर्तमान में किसानों को शेड्यूल में 10 घंटे बिजली मिल रही है। रात का शेड्यूल कड़ाके की ठंड और जंगली इलाकों में किसानों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।किसानों की मुख्य मांग है कि सरकार 10 घंटे के मौजूदा शेड्यूल को खत्म कर दिन में लगातार 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराए। इससे किसान अपनी धान की फसल की सिंचाई कर सकेंगे ।