सभी प्रतियोगी के मन में जीतने की ललक होनी चाहिए- शुक्ला - rashtrmat.com

सभी प्रतियोगी के मन में जीतने की ललक होनी चाहिए- शुक्ला

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने सैनिक स्कूल रीवा में अखिल भारतीय सैनिक स्कूल खेल प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नहीं जीत पाए तो क्या हुआ।अगली बार प्रयास करें जीतने की।लेकिन मन में जीतने की ललक हमेशा रखनी चाहिए।


दोनों सेनाध्यक्ष रीवा के हैं
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल प्रतियोगिता में कश्मीर से लेकर केरल तक के छात्र,छात्राएं भाग ले रहे हैं। आप सब पूरे प्रयास से जीतने की कोशिश करें और आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल रीवा देश के प्रमुख सैनिक स्कूलों में है। इस स्कूल का मस्तक गर्व से और ऊंचा हो जाता है क्योंकि देश के थल सेनाध्यक्ष और नौ सेनाध्यक्ष इसी स्कूल के विद्यार्थी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेना ने जो शौर्य दिखाया है उसमें इन दोनों सेनाध्यक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

टाइगर सफारी का भ्रमण कराएं

उप मुख्यमंत्री ने खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं तथा सैनिक स्कूल प्रबंधन से अपेक्षा की कि सभी को व्हाइट टाइगर सफारी का भ्रमण अवश्यक कराएं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के समापन समारोह में थल सेनाध्यक्ष व नौ सेनाध्यक्ष रीवा आएंगे जो हम सबके लिए गर्व की बात होगी। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने सैनिक स्कूल में वीर शहीदों के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें
उल्लेखनीय है कि देश के प्रमुख आवासीय विद्यालयों में से एक विन्ध्य क्षेत्र के गौरवशाली संस्थान सैनिक स्कूल रीवा के तत्वावधान में स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में 25 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक बास्केट बाल,वॉलीबाल तथा एथलेटिक्स खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में मेजबान सैनिक स्कूल रीवा सहित देश भर के 36 सैनिक स्कूलों के 460 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। ये सभी खिलाड़ी गत वर्ष आयोजित ग्रुप स्तर की प्रतियोगिताओं के विजेता हैं और अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।