रेलवे ट्रैक पर मिली ट्रांसपोर्ट व्यवसायी की लाश,स्कूटी से हुई शव की शिनाख्त - rashtrmat.com

रेलवे ट्रैक पर मिली ट्रांसपोर्ट व्यवसायी की लाश,स्कूटी से हुई शव की शिनाख्त

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में वैनगंगा नदी के रेलवे ट्रैक पर ट्रांसपोर्ट व्यवसायी का शव दो टुकड़ों में मिला है। मृतक की पहचान कोसमी निवासी निखिलेश पिता दिनेश मेश्राम (22) के रूप में हुई है।कोतवाली पुलिस को रेलवे पुलिस से सूचना मिली थी कि वैनगंगा नदी के रेलवे ट्रैक पुलिया पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

मृतक की मौत का कारण अज्ञात

 घटनास्थल के पास मिली स्कूटी के आधार पर युवक की पहचान निखिलेश के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे।मृतक के चाचा और ट्रांसपोर्ट व्यवसायी प्रवीण मेश्राम ने बताया कि निखिलेश उनका कारोबार संभालता था। बुधवार रात करीब 8:30 बजे उसने घर पर खाना खाया और ट्रांसपोर्ट ऑफिस जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों को गुरुवार सुबह निखिलेश की मौत की सूचना मिली। पुलिस ने बताया कि निखिलेश ने आत्महत्या की है या उसकी मौत का कोई और कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।