राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)। जिला अस्पताल में शनिवार को एक मंदबुद्धि दिव्यांग युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। युवक का शव जिले के रूपझर थाना अंतर्गत सोनेवानी चौकी क्षेत्र के कुलपा कावेली गांव के एक कुएं से मिला था।पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 26 वर्षीय दिनेश पिता लक्ष्मण उईके के रूप में हुई है। दिनेश शुक्रवार सुबह से अपने घर से लापता था। दोपहर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी।
दिनेश के चेहरे पर चोट के निशान
मृतक के भाई भैयालाल उईके ने बताया कि घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक कुएं में दिनेश का शव मिला। यह जानकारी तब सामने आई जब गांव का एक व्यक्ति कुएं में गिरी अपनी बाल्टी निकालने की कोशिश कर रहा था। दिनेश परिवार में सबसे बड़ा था और हाथ से दिव्यांग होने के साथ-साथ मंदबुद्धि भी था।मृतक दिनेश के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुएं से पानी निकालते समय गिरने से उसे कुएं में मौजूद पत्थरों से चोट लगी होगी। चौकी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही दिनेश की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।