कार तीन बार पलट कर दूसरी कार से भिड़ी, 11 वीं के छात्र की मौत - rashtrmat.com

कार तीन बार पलट कर दूसरी कार से भिड़ी, 11 वीं के छात्र की मौत

 राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कोलार इलाके के गेहूंखेड़ा में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तीन बार पलटी खाने के बाद दूसरी कार से जा टकराई। हादसे में कार सवार 11वीं कक्षा के छात्र आदित्यवीर चौधरी 16 की मौत हो गई, जबकि उसके 5 दोस्त घायल हैं। इनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। दूसरी कार में सवार एक बुजुर्ग भी घायल हुआ है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।   कोलार पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक और घायलों की पहचान के बाद परिजनों को सुबह 10 बजे पुलिस ने सूचना दी ।

चाय नाश्ता करने निकले थे 6 दोस्त

एएसआई सुनील त्रिपाठी के मुताबिक, मृतक आदित्यवीर चौधरी उर्फ आदि (16) दानिश कुंज कोलार का रहने वाला था। आदि एक प्राइवेट स्कूल से 11वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। इसी के साथ प्रति दिन सुबह 4 बजे से 6 बजे तक बैडमिंटन खेलने जाया करता था। बैडमिंटन खेलने के बाद शुक्रवार की सुबह आदि दोस्त निर्माण जाट, अबदुल्ला, श्रीयांश, युवराज और विश्वरोद कार क्रमांक एमपी 02 सीआर 8070 होंडा सिटी में सवार होकर चाय नाश्ता करने गए।

‘कुत्ते को बचाने में हुआ हादसा’

लौटते समय डीमार्ट के करीब कार हादसे का शिकार हो गई। घटना के समय कार तेज रफ्तार में थी। यह साफ नहीं हुआ कि हादसा कैसे हुआ, लेकिन कुछ चश्मदीदों ने बताया कि अचानक कुत्ता सामने आने के बाद उसे बचाने के प्रयास में हादसा हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

भगवान मेरे बेटे को लौटा दे

बेटे की मौत की सूचना के बाद मां गांधी मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी आ गई। जहां बेटे के शव को देखकर निकली मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी जुबान पर केवल एक ही बात थी, भगवान मेरे बेटे को लौटा दे। इधर, पीएम के बाद शुक्रवार दोपहर को पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।