राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर (ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में सीएएफ का जवान अरविंद गौतम ने थप्पड़ मारने पर साथी जवान सोनवीर जाट की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि सोते वक्त जवान ने फायरिंग की है। जवान के हाथ को चीरते हुए गोली गाल में फंस गई। मामला गातापार थाना इलाके का है। पुलिस ने अरविंद गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। सर्विस राइफल जब्त कर लिया है। जबकि दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी।

सोनवीर ने अरविंद को थप्पड़ मार दिया
पुलिसे के अनुसार रविवार की रात खाने खाने के बाद सभी जवान घाघरा गांव स्थित सीएएफ बटालियन कैंप में सो रहे थे। इसी बीच देर रात सोनवीर जाट और अरविंद गौतम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।सोनवीर जाट ने अरविंद गौतम को थप्पड़ मार दिया।
साथी जवान आनन-फानन में उठे
इस दौरान गुस्से में अरविंद गौतम ने सर्विस राइफल से सोनवीर जाट को गोली मार दी। गोली हाथ को चीरते हुए निकली और गाल में धंस गई। फायरिंग की आवाज सुनकर बाकी साथी जवान आनन-फानन में उठे।सोनवीर जाट खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा था।इसके बाद घायल जवान को सोमवार तड़के जिला मुख्यालय के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मॉर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

दोनों के बीच दोस्ती थी
वहीं वारदात के बाद घाघरा गांव स्थित CAF बटालियन कैंप के साथी जवानों ने बताया कि सोनवीर जाट और अरविंद गौतम दोस्त थे। साथ में ड्यूटी भी करते थे, लेकिन दोनों के बीच अचानक कैसे विवाद हुआ और ये वारदात हो गई, इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।

आरोपी को मौके से गिरफ्तार
एडिशनल एसपी नितेश कुमार गौतम ने बताया कि अरविंद गौतम रात में पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान करीब रात 12 बजे उसने अपनी इंसास राइफल से एक राउंड फायरिंग की। अभी थप्पड़ मारने को लेकर विवाद सामने आया है। साथी जवानों से पूछताछ की जा रही है।एडिशनल एसपी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल सर्विस राइफल को पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।