राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। दो माह पहले ग्राम नांदी निवासी बिसेन दंपत्ति की हत्या का खुलासा अभी हुआ भी नही है कि एक बार फिर कटंगी शहर में एक और दपंत्ति की निर्मम हत्या कर दी गई। घर के अंदर सिंचाई विभाग के रिटायर्ड ड्राइवर रमेश हाके का शव बेडरूम और उनकी पत्नी पुष्पकला का शव किचन में खून से लथपथ मिला। दोनों के गले पर धारदार हथियार से काटने के निशान हैं। घर में आसपास सामान बिखरा हुआ मिला। जिससे ऐसा लगता है कि हत्या से पहले दंपती ने हमलावरों से संघर्ष किया होगा। घटना कटंगी नगरीय क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 के नत्थीटोला रोड अर्जुन नाला कटंगी की है।

भांजे को दूधवाले ने सूचना दी
गुरुवार सुबह दूधवाला रमेश हाके के घर पहुंचा। घंटी बजाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। दूधवाले ने पास ही रहने वाले रमेश हाके के भांजे घनश्याम लांजे को जाकर बताया। घनश्याम ने घर में जाकर देखा तो मेन गेट खुला हुआ था और मामा-मामी के शव अंदर पड़े थे। पुलिस को घर के अंदर के सामान की पूरी जानकारी अभी तक नहीं मिली है। डाग स्काड की टीम को बुलाया है।

दोनों बेटे नागपुर में रहते हैं
पुलिस ने बताया कि रमेश और पुष्पकला के दो बेटे सुनील और योगेश नागपुर में रहते हैं। दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वे दिवाली पर माता-पिता के पास आए थे। 26 अक्टूबर को वापस नागपुर चले गए थे।

हत्यारे को तलाश रही पुलिस
एसडीओपी और पुलिस टीम के साथ एफएसएल टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है। एएसपी निहित उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे। एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दंपती की हत्या धारदार हथियार से की गई है। विस्तृत जांच के बाद ही आगे की जानकारी दी जा सकेगी। यह पता लगाया जा रहा है कि इनकी हत्या किसी लूटेरे ने की या फिर किसी दुश्मन ने अथवा पारिवारिक रंजिश में यह हुआ।

कंटगी में दूसरी घटना
कटंगी में दो महीने में दंपती की हत्या की दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले 14 सितंबर को मोहगांव नांदी निवासी हार्डवेयर कारोबारी हेमेन्द्र बिसेन और उनकी पत्नी योगिता बिसेन की भी हत्या की गई थी। उस मामले में भी अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई हैए जिससे क्षेत्रीय लोगों में डर का माहौल है। इन दोनों मामलों में एक समानता ये है कि घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया जब पति.पत्नी घर पर अकेले थे। इस घटना पर लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वह गश्त करती है, सायरन बजाती है और अपराधी भाग जाते हैं। लेकिन कभी पकड़ में नहीं आते। इससे घटना से अब पूरे इलाके में खौफ का माहौल है।