जंगल में आधी रात को काले हिरण के शिकारी पकड़े गए - rashtrmat.com

जंगल में आधी रात को काले हिरण के शिकारी पकड़े गए

 राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल (ब्यूरो) । सागर जिले के राहतगढ़ के जंगल में काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया है। सागर जिले के राहतगढ़ के जंगलों में दो वाहन लेकर आरोपी घुसे थे। वे रात में जब वापस लौटे तो दो काले हिरण का शिकार कर लाए। बोरियों में हिरण का मांस रखे हुए थे। 22 बोर की बंदूक और 15 जिंदा कारतूस सहित सागौन की लकड़ी भी काटकर ले जा रहे थे। सूचना के बाद रात करीब 3 बजे वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर इन्हें धरदबोचा। वन विभाग की टीम ने  देर रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से काले हिरण का मांस, खाल, सागौन की लकड़ी और 22 बोर की राइफल समेत कारतूस जब्त किए गए हैं।

तीन लोग हिरासत में  

वन विभाग को सूचना मिली थी कि बेरखेड़ी बीट के टेहरा-टेहरी में दो कारों में सवार कुछ लोग घुसे हैं। वन विभाग की टीम ने जंगल के रास्तों पर नाकाबंदी कर दी। जवान झाड़ियों में छिपकर संदिग्ध वाहनों के लौटने का इंतजार करते रहे।रात करीब 3 बजे जैसे ही दोनों कारें जंगल से बाहर आईं, टीम ने घेराबंदी कर रोक लिया। कारों में बैठे तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

10 किलो मांस, खाल और हथियार बरामद

तलाशी में कारों से काले हिरण का करीब 10 किलो मांस, खाल, सागौन की लकड़ी,एक 22 बोर की राइफल, 15 जिंदा कारतूस, 3 खाली कारतूस, तथा दो सागौन की सिल्ली बरामद की गई है। साथ ही घटना में उपयोग की जा रही दो चारपहिया गाड़ियां भी जब्त की गई हैं।   टीम ने मौके पर ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान वसीम खान (निवासी मंडी बामौरा), ओमकार आदिवासी (टेहरा-टेहरी) और राजू आदिवासी (सेमरामेढ़ा) के रूप में हुई। राहतगढ़ वन परिक्षेत्र अधिकारी मनीष सिंह ठाकुर ने बताया कि जब्त किया गया मांस मादा काले हिरण का है।आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।