पुशगुड़ी में आश्रम निर्माण: बेस में सीमेंट कम, रेत ज्यादा - rashtrmat.com

पुशगुड़ी में आश्रम निर्माण: बेस में सीमेंट कम, रेत ज्यादा

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। पुशगुड़ी गांव में निर्माणाधीन आश्रम भवन के निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं। आरोप है कि भवन के कॉलम बेस (नींव) में तय तकनीकी मानकों के विपरीत सीमेंट की मात्रा कम और रेत की मात्रा अधिक उपयोग की जा रही है। कॉलम गड्ढों में कंक्रीट की बजाय रेत प्रधान सामग्री डाले जाने से भवन की मजबूती और सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
लापरवाही गंभीर हो सकती है
जानकारी के अनुसार, कॉलम के लिए बनाए गए गड्ढों में सामग्री का अनुपात संतुलित नहीं रखा जा रहा है। नींव में सीमेंट की कमी से भवन की भार वहन क्षमता प्रभावित हो सकती है, जो भविष्य में किसी भी तरह की दुर्घटना का कारण बन सकती है। कॉलम बेस को किसी भी भवन की रीढ़ माना जाता है और यहां की गई लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है।
कलेक्टर से शिकायत करें
इस संबंध में आदिवासी विकास शाखा के इंजीनियर से दूरभाष पर चर्चा की गई। इंजीनियर ने बताया कि स्टीमेट के अनुसार कॉलम गड्ढों में रेत डालने का प्रावधान है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को लगता है कि निर्माण कार्य में गड़बड़ी हो रही है तो इसकी शिकायत कलेक्टर से की जा सकती है। साथ ही इंजीनियर ने यह भी कहा कि अधिक जानकारी के लिए ठेकेदार से बात की जा सकती है।
जवाबदेही को लेकर कई सवाल
वहीं, इस पूरे मामले पर आदिवासी विकास शाखा के सहायक आयुक्त ने दूरभाष पर बताया कि यदि निर्माण कार्य गलत ढंग से किया जा रहा है तो वे इसकी जांच करवाएंगे। सहायक आयुक्त के इस बयान के बाद मामले में जांच की संभावना बढ़ गई है।
फिलहाल आश्रम भवन के निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए तकनीकी जांच की मांग उठ रही है, ताकि स्टीमेट और मौके पर हो रहे वास्तविक निर्माण कार्य का मिलान किया जा सके। यह मामला निर्माण गुणवत्ता, विभागीय निगरानी और जवाबदेही को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।