राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। छह वर्ष की बाघिन को बिना प्रोटेकाल के जलाने का निर्देश देने वाले डिप्टी रेंजर टीकाराम हिनोते को जबलपुर में नर्मदा नदी किनारे ग्वारीघाट से गिरफ्तार किया गया। आठवां आरोपित वनरक्षक हिमांशु घोरमारे अभी फरार हैं।

वारासिवनी न्यायालय में पेश
गौरतलब है कि वर्षा की बाढ़ में बहकर आई बाघिन उम्र छह वर्ष के शव को बिना प्रोटोकाल के जलाने का निर्देश डिप्टी रेंजर टीकाराम ने दिया था। रेंजर टीकाराम को मंगलवार को वारासिवनी न्यायालय में पेश किया गया।
दक्षिण वन मंडल बालाघाट अंतर्गत सोनेवानी कंजर्वेशन रिजर्व लालबर्रा के बहियाटिकुर बीट कक्ष क्रमांक 443 में 27 जुलाई को ग्राम बोरी के पोटूटोला नहर के पास बहने वाले कालागोटा नाले में बाघिन का शव बहकर आया था। डिप्टी रेंजर टीकाराम हनोते व वनरक्षक हिमांशु घोरमारे के कहने पर सुरक्षा श्रमिकों ने तीन दिन तक शव को इधर उधर स्थान बदल बदलकर रखा।
छह सुरक्षा कर्मी हिरासत में
तीस जुलाई को लकड़ी का इंतजाम होने पर जला दिया। मृत बाघिन की फोटो सोशल मीडिया पर दो अगस्त को एक वन्यजीव प्रेमी ने डाल दिया था। आनन फानन में वन विभाग ने टीम गठित शव को जंगल में खोजना शुरू किया। दो दिन तक जहां शव बहकर आया था उस स्थान तक टीम पहुंची, परंतु शव वहां नहीं मिला। तीसरे दिन नाले किनारे जिस जगह पर शव को जलाया गया था वहां पर पेड़ों के झूलसे पत्तों से बाघिन के शव को जलाने की पुष्टि हो गई। जिसके बाद छह सुरक्षा श्रमिकों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। जिन्होंने पूछताछ में डिप्टी व वनरक्षक के कहने पर शव जलाने की बात बताई थीं।मामले की जांच के लिए एसआईटी भी गठित की गयी।इस मामले में न्यायिक हिरासत में बंद 6 सुरक्षा श्रमिकों की संलिप्तता की जांच पूरी कर एसटीएसएफ ने वारासिवनी न्यायालय में परिवाद पेश कर दिया है।एसटीएसएफ ने फरार डिप्टी रेंजर टिकाराम हनोते और वनरक्षक हिमांशु घोरमारे की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपी-
:- शिवकुमार पिता सुरपात धुर्वे नवेगांव लालबर्रा।
:- देव सिंह पिता गनपत कुंभरे बोरीटोला लालबर्रा।
:- शैलेष पिता ज्ञानसिंह धुर्वे नवेगांव लालबर्रा।
:- हरिलाल पिता सितकुर एड़पांचे चितालटोला।
:- अनुज पिता मिठ्ठनसिंह सिरसाम टेकाड़ी लालबर्रा।
:- मानसिंह पिता दीपसिंह सलामे खैरगोंडी लालबर्रा।
:- टीकाराम हिनोते पिता मुंशी हिनोते निवासी बालाघाट