टावर लगाने की आड़ में डकैती,पांच आरोपी पकड़े गए,दो फरार - rashtrmat.com

टावर लगाने की आड़ में डकैती,पांच आरोपी पकड़े गए,दो फरार

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। थाना लांजी पुलिस ने ग्राम कुल्पा में टावर लगाने का झांसा देकर बुजुर्ग दंपत्ति के घर में हुई डकैती का पर्दाफाश किया।।  पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की थाना आमगांव पुलिस का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
मोबाइल टावर लगाने के बहाने
 पुलिस के अनुसार, ग्राम कुल्पा निवासी संजाराम लिल्हारे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 जुलाई 2026 की दोपहर चार युवक मोबाइल टावर लगाने के लिए जगह देखने के बहाने उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने आधार कार्ड और बैंक पासबुक देखने के नाम पर विश्वास में लिया तथा कागजी कार्रवाई का बहाना बनाकर घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद हथियारों के बल पर पति-पत्नी को बंधक बनाकर मारपीट की और सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा बैंक पासबुक लूटकर फरार हो गए।

सातों पर डकैती की धारा लगी

 इस गंभीर मामले में थाना लांजी में अपराध क्रमांक 309/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6), 311, 310(2), 333 एवं 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। वही जांच के दौरान सात आरोपियों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर डकैती से संबंधित धाराओं का भी समुचित इजाफा किया गया।
पासवान फरार है,तलाश जारी
 पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। थाना आमगांव (गोंदिया) पुलिस के सहयोग से राजेश भोयर, दीपक दास और शिवकुमार दास को गिरफ्तार किया गया। वहीं मुख्य आरोपी धीरज फुण्डे और हेमंत फुण्डे पहले से ही महाराष्ट्र पुलिस की गिरफ्त में हैं। इसके अलावा प्रकरण मे रिंकू पासवान और विनोद पासवान फरार है, जिनकी तलाश जारी है।
डकैती से पहलीे रेकी की
 जांच में सामने आया कि धीरज फुण्डे, उसके चाचा हेमंत फुण्डे और राजेश भोयर ने घटना से पहले दो बार टावर लगाने के नाम पर पीड़ित के घर की रेकी की थी। इसके बाद पश्चिम बंगाल निवासी दीपक दास और उसके साथियों को बुलाकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद सभी आरोपियों ने लूटे गए जेवरात और नगदी का आपस में बंटवारा कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी, चांदी की करधनी, तीन चांदी के कड़े, दो जोड़ी सोने की बालियां, एक सोने का पेंडल और 50 हजार रुपये नगद सहित लगभग 3.75 लाख रुपये का मशरुका बरामद किया है।
आगे की विवेचना जारी 
  पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फरार आरोपी विनोद पासवान के विरुद्ध झारखंड और बिहार के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, बलवा, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं के पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं धीरज फुण्डे के खिलाफ छत्तीसगढ़ के थाना बोरतालाब में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज है। हेमंत फुण्डे के विरुद्ध महाराष्ट्र के थाना आमगांव में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है तथा मामले में आगे की विवेचना जारी है।