अयोध्या। अयोध्या के एडीएम सुरजीत सिंह 58 की लाश उनके सरकारी आवास में खून से लथपथ मिली है। उनके कमरे का दरवाजा खुला था। शव फर्श पर पड़ा था। पास में खून बिखरा था। गुरुवार सुबह उनकी मौत का पता चला। सुरजीत सिंह सरकारी आवास में अकेले रहते थे। परिवार कानपुर के गणेशनगर में रहता है। वह फर्रुखाबाद के थाना नवाबगंज के मझना के रहने वाले थे। अयोध्या में एक साल पहले उनकी तैनाती हुई थी।
पुलिस ने बताया कि सुबह 10 बजे एडीएम सुरजीत सिंह की लाश मिलने की खबर मिली। सांसद अवधेश प्रसाद और मेयर मौके पर पहुंचे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच की।
मेड ने सबसे पहले देखा शव
पुलिस के अनुसार सुबह 10 बजे काम करने के लिए मेड उनके कमरे पर पहुंची। मेन गेट खुला था तो वह अंदर चली गई। आवाज लगाई लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। दरवाजा खुला दिखा तो वह कमरे में गई। अंदर फर्श पर एडीएम का शव पड़ा था। आसपास हल्का खून देखकर वह घबरा गई। भागती हुई बाहर आई और सुरक्षा गार्ड से बताया। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को सूचना दी गई।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस ने बताया कि एडीएम की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि घर में किसी तरह की फोर्स एंटी यानी किसी के जबरन घुसने जैसे सबूत नहीं मिले हैं। परिवार कानपुर से अयोध्या के लिए रवाना हो गया है। एडीएम कई दिनों से बीमार चल रहे थे।