राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिला अस्पताल में भर्ती 61 वर्षीय तीजनबाई पति शिवराम तांडेकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार को उनके शव पोस्टमार्टम कराया गया। परिजन के अनुसार परिवार में छोटा बेटा जमीन पर गिरी पुड़िया उठा रहा था। जब उसकी नजर पुड़िया पर पड़ी तो दादी सास के मुंह से झाग आने लगा, तो उसने बिस्तर की तलाशी ली। इस दौरान दादी सास के तकिये के नीचे चूहामार दवा मिली।
जहर से मौत होने की आशंका
घटना के बाद पोते की बहू ने काम पर गए अपने पति नरेश तांडेकर को फोन पर सूचना दी। नरेश तांडेकर ने बताया कि घर पर दादी, चाची और उनकी पत्नी मौजूद थीं। वह काम से घर लौटे और एम्बुलेंस से दादी को जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के तकिये के नीचे चूहामार दवा की पुड़िया मिली है, जिससे जहर से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
डायरी संबंधित थाने भेजी जाएगी
अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि डॉक्टर से मिली तहरीर के आधार पर शव बरामद कर परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस मामले में शून्य पर मर्ग कायम कर अग्रिम जांच के लिए डायरी संबंधित थाने भेजी जाएगी।