शक्ति नमकीन उद्योग में गंदगी मिली,तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई - rashtrmat.com

शक्ति नमकीन उद्योग में गंदगी मिली,तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो) । बालाघाट शहर के एक होटल में कढ़ी में मरी छिपकली मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर के विभिन्न होटल एवं जलपान गृहों का सघन निरीक्षण किया। कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया है। प्रकरण भी दर्ज किया गया। भारी गंदगी थी शक्ति नमकीन उद्योग में।


होटल में गंदगी,नोटिस जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मोती नगर स्थित धुवारे जलपान गृह पहुंची। घटना के बाद संचालक मंगलेश ने होटल बंद कर दिया था।वार्ड क्रमांक 32 मोती नगर स्थित गुरुकृपा होटल के निरीक्षण में साफ.सफाई एवं स्वच्छता संबंधी कई कमियां मिली। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया।
प्रकरण दर्ज किया गया
शिव मंदिर चैक नर्मदा नगर स्थित लिल्हारे जलपान गृह में बिना खाद्य पंजीयन के खाद्य कारोबार संचालित करते पाया गया। साथ ही परिसर में स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां भी मिलीं। इस पर बिना खाद्य पंजीयन एवं अस्वच्छता का प्रकरण तैयार किया गया।
भारी गंदगी थी शक्ति नमकीन उद्योग में
मेन रोड सरस्वती नगर स्थित शक्ति नमकीन उद्योग एवं चाय.नाश्ता दुकान के निरीक्षण से पता चला कि बिना खाद्य पंजीयन के खाद्य कारोबार संचालित किया जा रहा है। खुले में खाद्य सामग्री का विक्रय तथा परिसर में गंदगी पाए जाने पर बिना खाद्य पंजीयन एवं अस्वच्छता का प्रकरण तैयार किया गया।
जरूरी निर्देश दिया गया
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि सभी प्रकरण शीघ्र ही न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *