देवनदी में फंसे 16 ग्रामीणों का रेस्क्यू:कान्हा मार्ग क्षतिग्रस्त - rashtrmat.com

देवनदी में फंसे 16 ग्रामीणों का रेस्क्यू:कान्हा मार्ग क्षतिग्रस्त

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र में देवनदी की बाढ़ में फंसे 16 ग्रामीणों को पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। कई गांवों का सड़क संपर्क भी टूट गया है।किरनापुर थाना क्षेत्र के भगतपुर में देवनदी में आई बाढ़ से एक छोटा पुल डूब गया था, जिसके कारण 16 ग्रामीण अपने खेतों में फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

ग्रामीणों को एसडीईआरएफ की टीम ने किया रेस्क्यू।

देव नदी उफान पर आ गई

किरनापुर तहसील के गोदरी चौकी अंतर्गत ग्राम भगतपुर के 16 ग्रामीण शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर से देव नदी पार कर ग्राम भानपुर धान की खेती के कार्य के लिए पहुंचे थे। भानपुर में भले ही कुछ ही परिवार निवास करते हैं, लेकिन आसपास के ग्रामीणों की खेती वहां स्थित है। सुबह नदी का जलस्तर सामान्य होने के कारण ग्रामीण आसानी से नदी पार कर गए थे, लेकिन रातभर हुई भारी बारिश के बाद देव नदी उफान पर आ गई और सभी ग्रामीण दूसरी ओर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर मृणाल मीना ने तत्काल एसडीएम श्री गोपाल सोनी को पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। थाना किरनापुर एवं हट्टा पुलिस ने एसडीआरएफ तथा हॉक फोर्स गोदरी के साथ संयुक्त अभियान चलाया। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने साहस, सूझबूझ और बेहतर समन्वय का परिचय देते हुए सभी 16 ग्रामीणों तक पहुंच बनाई।

बारिश के पानी में डूबी पुलिया।

इस मार्ग का उपयोग न करें

नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग का उपयोग न करें तथा वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। संबंधित एजेंसी एमपीआरडीसी द्वारा क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत का कार्य शीघ्र कराया जाएगा। पुलिया की मरम्मत पूर्ण होने के बाद मार्ग पर यातायात पुनः प्रारंभ किए जाने की सूचना अलग से जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *