नकटी के लोगों ने मंत्री के बंगले को घेरा,जेल भरो आंदोलन की चेतावनी दी - rashtrmat.com

नकटी के लोगों ने मंत्री के बंगले को घेरा,जेल भरो आंदोलन की चेतावनी दी

राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)। नकटी गांव के विस्थापितों ने रायपुर में मंत्री ओपी चैधरी के बंगले का घेराव किया। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत शंकर नगर की ओर जाने वाली सड़क के एक हिस्से को बंद कर दिया गया है।इससे पहले गांव के लोग रायपुर कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठे थे। उनके प्रदर्शन में कांग्रेस नेता भी शामिल हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि शुक्रवार तक मांगें पूरी नहीं होने पर वे अनिश्चितकालीन धरना और जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे।

परिवारों का रहना मुश्किल हो रहा

नकटी गांव में 80 घरों पर बुलडोजर चलने के तीन दिन बाद भी उनका विरोध जारी है। गुरुवार को पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव गांव पहुंचे और प्रभावितों से मुलाकात की थी। वहीं BJP सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रात के अंधेरे में घर तोड़ने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए और वे आज भी ग्रामीणों के साथ खड़े हैं।बता दें कि प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को EWS मकान दिए हैं, लेकिन सभी को आवास नहीं मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि मकान छोटे हैं और उनमें बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिससे परिवारों का रहना मुश्किल हो रहा है।

सांसद के आश्वासन के बाद टूटे घर

बता दें कि कार्रवाई से 2 दिन पहले ही ग्रामीण सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात करने पहुंचे थे। सांसद ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि बरसात तक कोई तोड़फोड़ नहीं होगी। उन्होंने कहा था कि प्रशासन और ग्रामीणों के बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की जा रही है। इसी बीच 29 जून को 80 घर तोड़ दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *