वॉटर कूलर के पास छिपा जहरीला सांप CRPF हेड कांस्टेबल को डसा - rashtrmat.com

वॉटर कूलर के पास छिपा जहरीला सांप CRPF हेड कांस्टेबल को डसा

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।  बालाघाट जिले में तैनात सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल पूनमचंद्र धनकरे को जहरीला डांडेकर सर्प ने डस लिया है। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने अगले 48 घंटे को महत्वपूर्ण बताया है। घटना मंगलवार रात की है। सूचना मिलने पर सीएसपी सहित सीआरपीएफ और पुलिस बल के अधिकारी अस्पताल पहुंचे।

दाहिने पैर में काट लिया

जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल पूनमचंद्र धनकरे बिठली कैंप में पदस्थ हैं। मंगलवार रात भोजन करने के बाद वे वॉटर कूलर से पानी लेने गए थे। इसी दौरान वॉटर कूलर के पास छिपे एक डांडेकर सर्प ने उनके दाहिने पैर में काट लिया।सर्प के काटने के तुरंत बाद, हेड कांस्टेबल ने अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। सीआरपीएफ जवान को सर्पदंश के इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया।

सर्प का जहर नाग से भी अधिक घातक

अस्पताल पहुंचते ही पूनमचंद्र धनकरे का इलाज शुरू कर दिया गया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. अंकित राणा ने बताया कि मरीज को एंटी-स्नेक वैक्सीन के साथ आवश्यक दवाएं दी गई हैं और उनके स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।डॉ. राणा ने बताया कि डांडेकर प्रजाति के सर्प का जहर नाग से भी अधिक घातक होता है। इसमें न्यूरोटॉक्सिक वेनम होता है, जिससे शरीर लकवाग्रस्त हो सकता है और सांस लेने में दिक्कत आ सकती है। इसी कारण सर्पदंश के बाद के 48 घंटे मरीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *