राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कोतवाली थाना क्षेत्र के तहत प्रापर्टी में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर राइस मिलर्स के साथ 63 लाख रुपए की ठगी की गयी। पैसा वापस देने की मांग पर जान से मारने की धमकी दी गयी। पुलिस ने जांच में ठगी होना पाया और मारने की धमकी भी सच पाया।ग्राम गर्रा निवासी दिलीप भैरम और सरपंच वैभव बिसेन के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

60 लाख बैंक खाते से दिया गया
जितेन्द्र उर्फ मोनू भगत ग्राम गर्रा निवासी ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उसे अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर बड़ी रकम प्रापर्टी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था। आरोपी दिलीप भैरम और वैभव बिसेन ने एक राय होकर उससे कुल 63 लाख रुपये प्राप्त किए। जिनमें 60 लाख रुपये बैंक खाते के माध्यम से तथा 3 लाख रुपये नगद दिए गए थे।
आरोपी सिर्फ 10 लाख लौटाए
शिकायतकर्ता की फर्म एमएस रूमी ट्रेडर्स के सेंट्रल बैंक खाते से 6 फरवरी 2025 को 40 लाख रुपये तथा 9 जुलाई 2025 को 20 लाख रुपये आरोपी दिलीप भैरम के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसके अतिरिक्त 11 जुलाई 2025 को 3 लाख रुपये नगद दिए गए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने केवल 10 लाख रुपये वापस लौटाए। जबकि शेष 53 लाख रुपये वापस नहीं किए गए।
जान से मारने की धमकी दी
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कई बार पैसे मांगे जाने पर जान से मारने की धमकी दी गयी।वहीं दिलीप भैरम ने अपने बचाव में शिकायतकर्ता के खिलाफ ही पुलिस और न्यायालय में शिकायत दर्ज करा दी। दूसरी ओर आरोपी दिलीप भैरम ने जांच में दावा किया कि उसने पहले नगद राशि शिकायतकर्ता को दी थी।वही रकम बाद में बैंक खाते में वापस ली गई थी। हालांकि वह यह स्पष्ट नहीं कर सका कि इतनी बड़ी नगद राशि उसने कबए क्यों और किसके सामने दी थी। पुलिस जांच में आरोपी के दावों को लेकर संदेह की स्थिति बनी रही।
आरोप सही पाए गए
पुलिस के अनुसार बैंक ट्रांजेक्शन गवाहों के बयानए व्हाट्सएप चैट और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए हैं। इसके बाद महिला थाना बालाघाट से प्रतिवेदन भेजे जाने पर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।