कोयला खदान के लिए सात लाख पेड़ काटे जाएंगेःबैज - rashtrmat.com

कोयला खदान के लिए सात लाख पेड़ काटे जाएंगेःबैज

 राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा केते एक्सटेंशन कोल परियोजना को मंजूरी दे दिया गया है। यह कोयला खदान जहां खोली जा रही है वह हसदेव अरण्य क्षेत्र में आता है, जहां 1742 हेक्टेयर सघन वन है। इस कोयला खदान के लिए 7 लाख से अधिक पेड़ों को काटा जायेगा। खदान तो राजस्थान विद्युत मंडल को मिली है लेकिन इसकी खुदाई का ठेका अडानी के पास है।
राज्य के हितों की बलि
अडानी को फायदा पहुंचाने एक बार फिर छत्तीसगढ़ के वनों की बलि चढ़ाई जायेगी। कांग्रेस इसकी निंदा करती है। हम यहां पर एक भी पेड़ काटने का विरोध करते है। 2022 में राज्य की विधानसभा ने सर्वसम्मति से हसदेव में पेड़ नहीं काटने का तथा किसी भी नई खदान नहीं खोलने का प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा था। यह सरकार अडानी के हितों के लिए, राज्य के हितों की बलि चढ़ा रही है।
पानी मांगने पर BJP पार्षद ने हत्या किया
 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पानी मांगने पर भाजपा पार्षद ने हत्या कर दिया। प्रदेश में पेयजल की समस्या कितनी ज्यादा गंभीर हो गयी है कि इसका भयावह एक उदाहरण राजधानी से लगे मंदिर हसौद में हुआ। जहाँ पर पानी नहीं पहुंचने की शिकायत भाजपा पार्षद को इतनी नागवार गुजरी उसने फरियादी नागरिक की हत्या कर लाश रेत में दफन कर दिया। यह भाजपाइयों के सत्ता के अहंकार का एक और उदाहरण है। एक दिन पहले भाजपा के सीतापुर विधायक ने तहसीलदार की पिटाई किया। भाजपाई मंत्री विधायक सांसद सुशासन त्यौहार में अधिकारियों को धमका-चमका रहे थे, अब वे मारपीट, हत्या में उत्तर आये है।
सरकार  जनगणना के आंकड़े बदलवा रही 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार दुर्भावनापूर्वक जनगणना के वास्तविक आंकड़े बदलवा रही है। सरकार जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों के द्वारा एकत्रित किए गए वास्तविक तथ्यों में फेरबदल करवाने के लिए दबाव डाल रही है। किसी घर मे यदि उज्जवला गैस का कनेक्शन है लेकिन गैस नहीं भरवा पाने के कारण उनके यहां खाना चूल्हे पर बन रहा है, किसी ने अपने यहां शौचालय नहीं होने की बात लिखवाया है, कोई झोपड़ी में रहता है तथा वह सर्वे सूची में पात्र है उसे प्रधानमंत्री आवास नहीं मिला है तो उसने वही लिखवाया है तो इन आंकड़ों को जनगणना कार्य में लगे उच्चाधिकारी बदलवा रहे है।
 मीसा बंदियों के परिजनों को पेंशन  किस बात का
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा मीसा बंदियों के परिजनों को पेंशन देने का साय सरकार के निर्णय का कांग्रेस विरोध करती है। यह जनता के धन की बर्बादी है। मीसाबंदियों का देश की आजादी के लिए क्या योगदान है? उन्होंने जनसंघ और भाजपा के राजनैतिक कार्यक्रम में तत्कालीन सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाया और जेल गये। उनको भाजपा ने पेंशन देना शुरू किया। अब उनके वंशजों को किस बात का पेंशन, यह तो गलत है। जनता के धन की लूट है।