राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले केे किरनापुर क्षेत्र के नेवरगांव से ग्राम खारा मार्ग पर दो मोटर साइकिलों की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गयी। जिसमें दो युवकों की मौत हो गयी। वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों बाइक टकरा गयीं
बताया जाता है कि दोनों मोटर साइकिल चालक अपने अपने साथी से साथ निजी कार्य के लिये घर से निकले थे। जिनमें एक बाइक पर दो लोग खारा से रजेगांव डीजल लेने जा रहे थे। वहीं दूसरे बाइक पर सवार दो युवक नेवरगांव से ग्राम खारा की ओर आ रहे थे। लेकिन इसी बीच दोनों बाइक आपस में टकरा गईं।

इलाज के दौरान एक की मौत
हादसे में वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटर साइकिलों के परखच्चे उड़ गए। वही दुखद बात यह रही कि इस हादसे में नेवरगांव निवासी अनिल उर्फ काशी कुतराहे की हादसे के दौरान ही मौके पर मौत हो गई थी। साथ ही दूसरा बाइक चालक ज्ञानेंश्वर उर्फ लाला बोपचे निवासी ग्राम खारा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल उपचार के लिए गोंदिया ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इन दोनों के अलावा अन्य दो लोग जो दोनों बाइक में पीछे सवार थे उन्हे भी शरीर में गंभीर चोटे आई है,लेकिन वे सुरक्षित बताये जा रहे है।
पुलिस मामले की विवेचना कर रही
रविवार की सुबह 11 बजे अचानक हुई इस भीषण टक्कर ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगो का मौके पर हुजूम लग गया और पुलिस भी मौके पर पहुंची। जहां पुलिस ने मौके पर मृत हुए युवक काशी कुतराहे के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और शव का पीएम करवाकर शव परिजनो के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।