कागज -पत्तल में बच्चों को भोजन देने पर प्रधान पाठक होगें सस्पेंड - rashtrmat.com

कागज -पत्तल में बच्चों को भोजन देने पर प्रधान पाठक होगें सस्पेंड

राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट(ब्यूरो)। कलेक्टर मृणाल मीणा ने बच्चों को पत्तल और कागज की प्लेट में भोजन परोसने की शिकायत को गंभीरता से लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिस स्कूल में कागज पत्तल की प्लेट में बच्चांे को भोजन परोसने की शिकायत मिलेगी तो प्रधान पाठक होगें सस्पेंड।
शिकायत मिली तो खैर नहीं
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों को मध्यान्ह भोजन के लिए बर्तन क्रय राशि जारी कर दी गई है। इस पर अब कलेक्टर मीना ने कहा कि सभी शालाओं में मध्यान्ह भोजन के लिए बर्तनों एवं थालियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये और उनके उचित उपयोग की मानिटरिंग की जाये। जिले में किसी भी स्थान से बच्चों को मध्यान्ह भोजन पत्तल, कागज की प्लेट या पेपर पर भोजन परोसे जाने की सूचना नहीं आना चाहिए। यदि कहीं से भी ऐसी शिकायत मिलेगी तो संबंधित शाला के प्रधान पाठक पर निलंबन की कार्यवाही की जायेगी।
जर्जर स्कूल भवन की सूची बनाएं
इसके अलावा कलेक्टर मीना ने जिले की जर्जर अथवा टपकती छत वाले प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों की सूची तैयार कर उनके नवीनीकरण का कार्य संबंधित ग्राम पंचायत से कराने के निर्देश दिये। ग्राम पंचायत के पास विभिन्न मदों में राशि आती है तो इसका उपयोग गांव की शालाओं में शिक्षा व्यवस्था के सुधार एवं बेहतर बनाने में करना सरपंच, सचिव की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देश दिए गए कि वे टपकती एवं जर्जर छत वाले शाला भवनों के सुधार व मरम्मत कार्य पर विशेष ध्यान दें।