खराब खाने की शिकायत पर मारती हैं, होस्टल की अधीक्षक पर आरोप - rashtrmat.com

खराब खाने की शिकायत पर मारती हैं, होस्टल की अधीक्षक पर आरोप

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।दो दर्जन से अधिक छात्राओं ने छात्रावास अधीक्षिका राजेश्वरी हरिनखेडे के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। छात्राएं कलेक्ट्रेट स्थित जनजातीय कार्य विभाग के कार्यालय पहुंचीं और स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक अधीक्षिका को हटाया नहीं जाएगा वे छात्रावास वापस नहीं लौटेंगी। अधीक्षक पर आरोप है कि खराब खाने की शिकायत करने पर मारपीट करती हैं।
अधीक्षक पर अवैध वसूली का आरोप
छात्राओं ने मीडिया से बातचीत में गंभीर आरोप लागते हुए कहा कि बीते चार वर्षों से अधीक्षिका अवैध वसूली कर रही हैं। नए प्रवेश लेने वाले बच्चों से 25 हजार रुपये तक की मांग की जाती है। जो छात्राएं यह राशि देने में असमर्थ रहती हैं उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। कभी बिना आवेदन छुट्टी का आरोप लगाकर तो कभी अनुशासनहीनता के नाम पर दबाव बनाया जाता है। कुछ छात्राओं ने मारपीट तक के आरोप लगाए हैं।
सब्जी में आटा मिलाकर देते हैं
छात्राओं ने छात्रावास में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। छात्राओं का आरोप है कि दाल और सब्जी में आटा मिलाकर दिया जाता है। जिससे भोजन की गुणवत्ता और पोषण दोनों प्रभावित होते हैं।जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त शकुंतला डामोर ने मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन करने की बात कही हैं। जरूरी है कि छात्रावासों की नियमित निगरानी सामाजिक आॅडिट और पारदर्शी शिकायत प्रणाली सुनिश्चित की जाए।