धान खरीदी,मनरेगा-एक्ट,ड्राई-डे में शराब दुकान खुलने पर कांग्रेस का चक्काजाम - rashtrmat.com

धान खरीदी,मनरेगा-एक्ट,ड्राई-डे में शराब दुकान खुलने पर कांग्रेस का चक्काजाम

राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर ब्यूरो) । छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम और धान खरीदी की तारीख बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर और रायगढ़ जिले में हर ब्लॉक में धरना-प्रदर्शन के साथ ही चक्काजाम किया गया। बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर करीब आधे घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। कांग्रेसियों ने बीच सड़क बैठकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते रहे। इस दौरान वहां दोपहिया-चारपहिया वाहनों की कतारें लगी रहीं। रायपुर-जगदलपुर- ओडिशा एनएच-30 पर भी यही स्थिति रही। वहीं ड्राई डे में शराब दुकानें खुलने पर भी विरोध जताया गया।

रायपुर के लालपुर चौक पर कांग्रेस ने मनरेगा में बदलाव के विरोध में सांकेतिक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।

रायगढ़ में सांकेतिक धरना और चक्काजाम

मनरेगा एक्ट बनाने और नाम बदलने को लेकर कांग्रेस पहले से ही विरोध कर रही थी। रायगढ़ जिले में भी कोलाईबहाल जामगांव में कांग्रेसी धरने पर बैठे रहे। महात्मा गांधी के पुण्यतिथि पर ड्राई डे घोषित नहीं किए जाने पर शराब दुकान के सामने प्रदर्शन किया।रायगढ़ में कोलाईबहाल मंडी के सामने कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ और धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर सांकेतिक धरना और चक्काजाम किया।

रामानुजगंज में एक घंटे तक चक्काजाम

रामानुजगंज में कांग्रेस ने किसानों और आम जनता की मांगों को लेकर महावीरगंज चौक पर एक घंटे तक चक्का जाम किया। ब्लॉक अध्यक्ष मधु गुप्ता के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम तहसीलदार के माध्यम से मांग पत्र सौंपा।इसमें धान खरीदी की तिथि बढ़ाने, मनरेगा कानून को पूर्ववत लागू करने और पीडीएस में चावल की कमी दूर करने की मांग की गई। प्रशासन ने समझाइश के बाद जाम समाप्त करवाया और मांगें उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

रामानुजगंज में कांग्रेस ने किसानों और आम जनता की मांगों को लेकर महावीरगंज चौक पर एक घंटे तक चक्का जाम किया।

रायपुर में एकदिवसीय धरना

रायपुर के लालपुर चौक पर कांग्रेस ने मनरेगा में बदलाव के विरोध में सांकेतिक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में रायपुर जिले के अन्य नेता भी मौजूद रहे।दुर्ग में भी कांग्रेस ने एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों के मुताबिक सरकार की दमनकारी नीतियों से किसानों का नुकसान हुआ है। कांग्रेस ने कहा है कि आगे मांगे पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन करेंगे। गरियाबंद में भी कांग्रेसियों ने तिरंगा चौक में हाथों में तख्तियां लेकर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मनरेगा योजना का नाम बदलने का विरोध किया और धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग करते हुए जल्द घेराव की चेतावनी दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *