डिप्टी CM के रीवा में सड़क- पुल के लिए लोग किडनी बेच रहें - rashtrmat.com

डिप्टी CM के रीवा में सड़क- पुल के लिए लोग किडनी बेच रहें

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला को बीजेपी के लोग विकास पुरुष कहते है। उनके ही जिले में विकास की चादर में कितने छेद हैं यह तो कलेक्टर प्रतिभा पाल को भी समझना चाहिए। सड़क,पुल के लिए धनेश सोनकर अपनी किडनी बेचने का बैनर कलेक्ट्रेट के सामने लगाकर जिला प्रशासन के गाल पर तमाचा मार दिया। यह अलग बात है कि कलेक्टर ने उसके गांव में सड़क पांच सौ मीटर बनने के बाद आगे क्यों नहीं बनी इसकी जांच के आदेश दिये हैं। देखना है कि जिस अधिकारी ने काम रोक दिया उसके खिलाफ क्या कार्रवाई होती है। अभी तो धनेश सोनकर अपनी किडनी बेचने का बैनर लगाकर धरना दे रहा है।


प्रशासन आयोडेक्स नहीं है
धनेश सोनकर ने सड़क पुल के निर्माण के लिए अपनी किडनी बेचेन का बैनर लगाकर कलेक्ट्रेट के समाने धरने पर बैठ गया।बकायदा बैनर लगा रखा है किडनी क्यों बेचना है।उसका यह बैनर जिला प्रशासन के चेहरे पर तमाचा है। जाहिर सी बात है कि जिला प्रशासन आयोडेक्स नहीं है। एक्सप्राइरी डेट की गोली हो गया है।
शिकायत बेअसर रही
ग्राम पंचायत गढ़ा 138 का निवासी धनेश सोनकर कलेक्टरेट गेट के सामने भूख हड़ताल पर बैठ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत क्षेत्र में करोड़ों रुपए की लागत से स्वीकृत सड़क.पुल का काम वर्षों से अधूरा पड़ा है। शिकायतों के बाद भी प्रशासन के सिर पर जूं तक नहीं रेंगी।


ढाई करोड़ सड़क के लिए मंजूर
धनेश सोनकर के मुताबिक वर्ष 2022 में ग्राम पंचायत गढ़ा 138 में सड़क पुल निर्माण के लिए 2 करोड़ 51 लाख 15 हजार रुपए स्वीकृत किए गए थे। योजना के अनुसार 2200 मीटर लंबी सड़क बननी थी। लेकिन सिर्फ 500 मीटर सड़क ही बनी। उसके बाद काम किसने रोका और क्यों रूका पता नहीं।सड़क नहीं होने से आवागमन बारिश में ठप हो जाता है। कोई बीमार हो जाए तो एम्बुलेंश का पहुंचना कठिन हो जाता है। अधूरी सड़क का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को चारपाई पर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।


अफसरों ने सुना ही नहीं
भूख हड़ताल पर बैठे धनेश सोनकर ने कहा सड़क आधी बनी है आगे जाना मुश्किल है। कई बार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसलिए मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा।
जांच तक भूख हड़ताल जारी रहेगी
धनेश सोनकर ने पूरे मामले की लिखित शिकायत जिला कलेक्टर रीवा से की। सड़क पुल निर्माण की जांच, दोषियों पर कार्रवाई और अधूरा काम जल्द पूरा कराने की मांग की है। कलेक्टर ने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी। जांच कैसी होगी,किसके खिलाफ होगी,गांव वाले नहीं जानते। लेकिन धनेेश का कहना है कि जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती कलेक्टरेट गेट के सामने भूख हड़ताल जारी रखेंगे।धनेश के अनुसार पीडब्ल्यूडी का एक अधिकारी ने उनसे कहा कि शिकायत किये तो ठीक नहीं होगा। मेरी जान को खतरा है।