राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले में आयोजित रोजगार मेले की हकीकत सामने आते ही प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रोजगार दिलाने के नाम पर चयनित बालाघाट के बेरोजगार युवकों को बेंगलुरु भेजने का झांसा दिया गया। लेकिन उन्हें तमिलनाडु के एक दूरदराज जंगल से घिरे इलाके में उतार दिया गया। जिसके बाद युवा खुद को ठगा महसूस कर रहे है। वहीं युवकों ने वीडियो जारी कर अपनी दयनीय स्थिति उजागर की है। जिससे जिले में हड़कंप मच गया है।

रोजगार के नाम पर स्कैम
वीडियो में युवक साफ तौर पर बता रहे हैं कि रोजगार मेले में उन्हें टीवीएस और टाटा मोटर्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में बेंगलुरु में काम दिलाने का भरोसा दिया गया था। लेकिन रवाना होने के बाद अचानक स्थान और कंपनी दोनों बदल दी गईं। युवकों का कहना है कि उन्हें जिस जगह छोड़ा गया है वहां न बुनियादी सुविधाएं हैं और न ही रहने.खाने की कोई व्यवस्था। हालात ऐसे हैं कि उनका सारा सामान घर के बाहर पड़ा है और कड़ाके की ठंड में अलाव जलाकर रात काटनी पड़ रही है। मकान में गंदगी फैली हुई है। आसपास सुनसान इलाका होने से सुरक्षा को लेकर भी डर बना हुआ है। युवकों ने इसे रोजगार के नाम पर किया गया बड़ा स्कैम बताया है। उनका कहना है कि न तो उन्हें समय पर काम दिया जा रहा है और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी या एजेंसी की ओर से कोई जवाब मिल रहा है।
प्रशासन की लापरवाही
वीडियो सामने आने के बाद परिजनों में भी आक्रोश फैल गया। मामला पंवार समाज के जिलाध्यक्ष विशाल बिसेन तक पहुंचा। जिन्होंने इसे प्रशासन की गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। विशाल बिसेन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि या तो युवकों को उसी स्थान और कंपनी में रोजगार दिया जाए, जिसके लिए उन्हें चयनित किया गया था या फिर तत्काल सुरक्षित तरीके से उन्हें वापस बुलवाया जाए। वही जानकारी यह भी मिली कि परेशान युवाओं ने वापस लौट आने का मन बनाया है।
क्या दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी
वही प्रशासनिक हस्तक्षेप से युवकों को राहत दिलाने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि सवाल अब भी कायम है कि आखिर रोजगार मेले के नाम पर यह गड़बड़ी कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? यह घटना प्रशासनिक लापरवाही ही नहीं, बल्कि बेरोजगार युवाओं की मजबूरी का फायदा उठाने का गंभीर उदाहरण बनकर सामने आई है। सवाल यह है कि क्या इस मामले में जो जिम्मेदार हैउसके खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या फिर यह यूंही दबा दिया जायेगा।