डेंजर रोड के जंगल में मेडिकल वेस्ट का जहर,वन्य प्राणियों के लिए घातक - rashtrmat.com

डेंजर रोड के जंगल में मेडिकल वेस्ट का जहर,वन्य प्राणियों के लिए घातक

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। शहर मुख्यालय के डेंजर रोड किनारे स्थित घने जंगल में मेडिकल वेस्ट के कई अवैध डंप मिले है। जंगल के भीतर फैले ये डंप न सिर्फ पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं,बल्कि यहां रहने वाले वन्य प्राणियों की जान के साथ खुला खिलवाड़ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यहां इस तरह का कचरा फेंका जा रहा है,लेकिन जिम्मेदार विभागों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।


इस्तेमाल की गयी सिरिंज मिले
डेंजर रोड के किनारे  जंगल में तेंदुआ, चितल सहित कई तरह के वन्य प्राणी रहते हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में मेडिकल वेस्ट का   खुलेआम फेंका जाना गंभीर चिंता का विषय है। जंगल के भीतर अलग.अलग स्थानों पर मेडिकल कचरे के ढेर देखे गए हैं। जिनमें आई ड्राप की शीशियां, पेन किलर की दवाइयां, इस्तेमाल की गई सिरिंज, प्रेग्नेंसी टेस्ट किट और अन्य खतरनाक मेडिकल सामग्री शामिल है। यह मेडिकल वेस्ट न सिर्फ मिट्टी और पानी को प्रदूषित कर रहा हैं,बल्कि जंगली जानवरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। जंगल में बकरी के लिए पत्तियां तोड़ने जाने वाले लोगों का दावा है कि इस कचरे को सूंघने या खाने से कई वन्य प्राणियों की मौत भी हो चुकी है।
मेडिकल वेस्ट जंगल में आए कैसे
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही के चलते यह स्थिति बनी हुई है।मेडिकल वेस्ट का सही निपटान न होना कानूनन अपराध है। नियमों के अनुसार अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों को इस तरह के कचरे को सुरक्षित तरीके से नष्ट करना होता है। लेकिन यहां खुले जंगल में इस वेस्ट का फेंका जाना कई सवाल खड़े करता है। आखिर यह कचरा आ कहां से रहा है और कौन इसके पीछे जिम्मेदार है।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी
मामला सामने आने के बाद अब वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें जैसे ही जानकारी मिली जांच के निर्देश दिए गए हैं।दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सवाल यही है कि क्या जांच सिर्फ कागजों तक सीमित रहेगी या वास्तव में जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।
इनका कहना है
राष्ट्रमत ने यह मामला संज्ञान में लाया गया है। निश्चित रूप से हम इस पर कड़ी कार्यवाही करेगें। जो भी दोषी होगें कार्यवाही की जायेगी। हमारी अपील है कि कृपया जो भी मेडिकल वेस्टेज फेंक रहे है उसकी हमें सूचना दे।
विनिता फुलबेग,एसडीओ
उत्तर सामान्य वनमंडल