अवैध रेत उत्खनन के अस्थायी पुल तोड़े गए - rashtrmat.com

अवैध रेत उत्खनन के अस्थायी पुल तोड़े गए

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)। बालाघाट अंतर्गत ग्राम धापेवाड़ा क्षेत्र में वैनगंगा नदी पर अवैध रूप से रेत खनन के उद्देश्य से बनाए जा रहे अस्थायी पुल को खनिज विभाग की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए ध्वस्त कर दिया गया। उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहां ने बताया कि खनिज रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन को सुगम बनाने के लिए धापेवाड़ा में वैनगंगा नदी पर अस्थायी पुल का निर्माण किया जा रहा था। सूचना मिलते ही खनिज अमले द्वारा मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की गई और निर्माणाधीन पुल को हटाया गया है।

दोषियों के खिलाफ सख्त कदम

 खनिज विभाग द्वारा संबंधित एमडीओ (माइनिंग डिलीवरी ऑर्डर धारक) को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि भविष्य में रेत के अवैध खनन या परिवहन के उद्देश्य से किसी भी प्रकार का अस्थायी पुल या संरचना बनाई जाती है, तो इसकी तत्काल सूचना खनिज अमले को दी जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। बालाघाट जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *