ठंड की वजह से अब स्कूल दस बजे लगेंगेः कलेक्टर - rashtrmat.com

ठंड की वजह से अब स्कूल दस बजे लगेंगेः कलेक्टर

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। जिले में गलन वाली बढ़ती ठंड और कोहरे को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी शासकीय.अशासकीय अनुदान प्राप्त मान्यता प्राप्त,सीबीएसई, आईसीएसई तथा माध्यमिक शिक्षा मण्डल एवं समस्त बोर्ड से संचालित विद्यालय में कक्षा नर्सरी से कक्षा आठवीं तक का संचालन सुबह 10 बजे से पूर्व न किया जाए।


सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए
इस समय मौसम अचानक सख्त तेवर दिखाए। शहर और ग्रामीण इलाके कोहरे की मोटी चादर की वजह से वातावरण में ठंड बढ़ गयी है। हालात यह है कि विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। ठंड इतनी ज्यादा थी कि लोग सुबह से ही अलाव और गर्म कपड़ों में लिपटे दिखे।
दिन भर ठिठुरन रही
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 20 से 25 डिग्री के बीच था। हालांकि दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप निकली मगर सर्द हवा के चलते ठंड कम नहीं हुई। दिनभर ठिठुरन महसूस किया गया।
साल के अंत तक ठंड रहेगी
आने वाले दिनों में सर्दी का सितम और बढ़ेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले एक हफ्ते तक ठंड से राहत के कोई आसार नहीं हैं। खासकर इस सप्ताह के अंत तक ठंड अपने चरम पर होगी। बारिश के कोई आसार नहीं हैं लेकिन उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाएं सर्दी का अहसास और बढ़ा देंगी। बीते कुछ दिनों से रीवा में रात का पारा लगातार लुढ़क रहा है और इस बार दिसंबर की रातें औसत से ज्यादा सर्द महसूस की जा रही हैं।


ड्राइवरों को सतर्क रहने की सलाह
घने कोहरे के कारण हाईवे और मुख्य सड़कों पर हादसों का खतरा बढ़ गया है। सुबह और रात के समय विजिबिलिटी काफी कम हो रही है। ऐसे में वाहन चालकों को खास सतर्कता बरतने, हेडलाइट जलाकर रखने और धीमी गति में गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है। लेकिन देखा जा रहा है कि हिदायत को वाहन चालक नहीं मान रहे हैं। इसलिए अब तक तीन बड़े हादसे हो चुके है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *