बिना फार्मासिस्ट 5 मेडिकल स्टोर बालाघाट में सील - rashtrmat.com

बिना फार्मासिस्ट 5 मेडिकल स्टोर बालाघाट में सील

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले में प्रशासन और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बिना फार्मासिस्ट के संचालित हो रही पांच मेडिकल स्टोर्स को सील कर दिया है। यह कार्रवाई भरवेली, तिरोड़ी और खैरलांजी तहसील क्षेत्रों में की गई। इसके अतिरिक्त, विभाग ने कफ और बच्चों के सिरप के 9 नमूने गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। जिले में बिना योग्य फार्मासिस्ट के मेडिकल दुकानों के संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के बाद कलेक्टर के निर्देश पर ड्रग विभाग और नायब तहसीलदार के संयुक्त दल ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया।

लाइसेंस संबंधी दस्तावेज की जांच 

भरवेली क्षेत्र में मैसर्स व्ही-केयर मेडिकल, मैसर्स न्यू हिन्द मेडिकल, मैसर्स सेमरे फार्मेसी मेडिकल और मैसर्स माहुले मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दवाइयों के रख-रखाव, वेटनरी मेडिसिन के संधारण, विशेष तापमान पर संग्रहित की जाने वाली दवाइयों के स्टोरेज, लाइसेंस संबंधी दस्तावेज और बिल-बाउचर की गहनता से जांच की गई।जांच में मैसर्स व्ही-केयर मेडिकल, मैसर्स न्यू हिन्द मेडिकल और मैसर्स माहुले मेडिकल स्टोर पर योग्य व्यक्ति की अनुपस्थिति पाई गई, जिसके बाद इन दुकानों को सील कर दिया गया। इसी तरह, तिरोड़ी तहसील क्षेत्र में मैसर्स साई औषधि भंडार, मैसर्स पार्थ मेडिकल स्टोर्स, मैसर्स शिव शक्ति मेडिकल स्टोर्स, मैसर्स बालाजी मेडिकल स्टोर्स और मैसर्स कृष्णा फार्मेसी का निरीक्षण हुआ।

मैसर्स अग्रवाल मेडिकल स्टोर सील

मैसर्स मनश्वी मेडिकल स्टोर को योग्य व्यक्ति की उपस्थिति सुनिश्चित होने तक बंद कर दिया गया। खैरलांजी तहसील क्षेत्र में मैसर्स यश मेडिकल स्टोर्स, मैसर्स अंजलि मेडिकोस, मैसर्स मारवाड़ी मेडिकल स्टोर, मैसर्स विक्की मेडिकल स्टोर्स भौरगढ़ और मैसर्स अग्रवाल मेडिकल स्टोर भौरगढ़ की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान मैसर्स लिल्हारे मेडिकल स्टोर पर भी योग्य व्यक्ति की अनुपस्थिति मिलने पर उसे सील कर दिया गया।

आगे की कार्यवाही की जाएगी

ड्रग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में इस प्रकार की जांच निरंतर जारी रहेगी और भविष्य में भी सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने औषधियों की गुणवत्ता जांच और परीक्षण के लिए कफ और बच्चों के सिरप के 9 नमूने एकत्र कर औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।