किसानों के लिए बसामन मामा प्राकृतिक खेती मार्गदर्शक बनेगा-अमित - rashtrmat.com

किसानों के लिए बसामन मामा प्राकृतिक खेती मार्गदर्शक बनेगा-अमित

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। केंद्रीय गृहमंत्री  अमित शाह ने रीवा जिले के बसामन मामा गौ वन्य विहार अभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती के प्रकल्प का शुभारंभ किया। गृहमंत्री श्री शाह ने किसान सम्मेलन में कहा कि आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती है। अटल जी सुशासन और राष्ट्रीयता के प्रतीक थे। वह जो कहते थे उसे करके दिखाते थे। ऐसे व्यक्ति विरले ही होते हैं। अटल जी को विंध्य क्षेत्र बहुत प्रिय था।

खेती ही एकमात्र विकल्प है
विंध्य की गोद में बसे रीवा में तेजी से विकास हो रहा है। एशिया का सबसे बड़ा सोलर प्रोजेक्ट रीवा में ही है। यहां फोरलेन सड़कें और 24 घंटे सेवा देने वाला एयरपोर्ट है। केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि रीवा में बेसहारा गायों को आश्रय देने के लिए बनाए गए बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती के नए प्रयोग शुरू किए गए हैं। यहां विकसित किया जा रहा प्राकृतिक खेती का
प्रकल्प किसानों के लिए मार्गदर्शक बनेगा। धरती माता के स्वास्थ्य की रक्षा और अपने स्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्राकृतिक खेती ही एकमात्र विकल्प है।

 पांच पीपल के पौधे रोपित करें

प्राकृतिक खेती को हर किसान अपनाए। इसमें उत्पादन कम नहीं होता है। देश के 40 लाख से अधिक किसान प्राकृतिक खेती को अपना चुके हैं।  सहकारी संस्थाओं के माध्यम से जैविक उत्पादों के प्रमाणीकरण, पैकेजिंग और विपणन की व्यवस्था की जा रही है। बसामन मामा गौ वन्य विहार में जो एक्युरेशन फार्म स्थापित किए जा रहे हैं उन्हें भी बसामन मामा प्रकल्प के रूप में जाना जाएगा। गृहमंत्री ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण करना हम सबकी जिम्मेदारी है। बसामन मामा ने पीपल के वृक्ष की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया। हम सब अगली बरसात में कम से कम पांच पीपल के पौधे रोपित करके बसामन मामा को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें। पीपल ऑक्सीजन का सबसे बड़ा स्रोत है।

सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे केन्द्रीय गृहमंत्री जी ने 33 साल पहले सफल्तापूर्वक जैविक और प्राकृतिक खेती का प्रयोग किया था। हमारी सरकार प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेती के साथ-साथ किसान की आय बढ़ाने के लिए दूध उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्या दिया जा रहा है। प्रदेश का दुग्ध उत्पादन अगले 5 सालों में 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए हम घर-घर में गौपालन को बढ़ावा देने के लिए गोपाल बनाएंगे। आज अटल जी का जन्मदिन है। जिन्होंने हमारी पार्टी की नींव रखी। केंद्रीय गृहमंत्री जी के नेतृत्व में हमारी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनी।

रीवा को खेती में अव्वल जिला बनाएंगे
समारोह में उप मुख्यमंत्री  राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री  अमित शाह जी के प्राकृतिक खेती के संकल्प से बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती के प्रकल्प को जन्म दिया। यहां किसानों को प्रशिक्षण देकर प्राकृतिक खेती को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। रीवा को हम प्राकृतिक खेती में अव्वल जिला बनाएंगे। बसामन मामा गौ अभ्यारण्य बेसहारा गायों को आश्रय देने के साथ प्राकृतिक खेती के मॉडल के रूप में विकसित हो रहा है। देश के गृहमंत्री जी ने यशस्वी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में नक्सलवाद का सफाया किया है। आपकी लौह पुरुष जैसी कार्यशाली से अनेक कठिन लक्ष्य प्राप्त किए गए हैं। विंध्य की धारा पर गृहमंत्री जी का आगमन गौ माता जी के  आशीर्वाद से ही हुआ है। गौ माता इतनी पवित्र हैं कि उसके गोबर और गोमूत्र का उपयोग पूजा में होता है।

कल्पवृक्ष का पौधा रोपित
केंद्रीय गृहमंत्री श्री शाह ने बसामन मामा पहुंचकर केंद्रीय गृहमंत्री श्री शाह ने बसामन मामा पहुंचकर प्राकृतिक खेती के प्रकल्प का शुभारंभ किया। केंद्रीय मंत्री ने गौशाला में विकसित किए जा रहे प्राकृतिक खेती के विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया। श्री शाह ने बसामन मामा में कल्पवृक्ष का पौधा रोपित किया।