नहीं रहे डॉ. रामविलास वेदांती, कल अयोध्या में अंतिम विदाई - rashtrmat.com

नहीं रहे डॉ. रामविलास वेदांती, कल अयोध्या में अंतिम विदाई

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के सक्रिय सदस्य रहे पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती का सोमवार को निधन हो गया। मध्य प्रदेश के रीवा में दोपहर 12.20 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 67 साल के थे। वेदांती की रीवा में रामकथा चल रही थी। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई।

रामभक्तों को अपूरणीय क्षति

दो दिन से उनका इलाज रीवा के एक हॉस्पिटल में चल रहा था। सोमवार सुबह तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें एयरलिफ्ट करके भोपाल एम्स ले जाने की तैयारी थी। एयर एम्बुलेंस पहुंच भी गई, लेकिन कोहरे की वजह से लैंड नहीं कर सकी।उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने पूर्व सांसद एवं राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संत डॉ. रामविलास वेदांती जी महाराज के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वेदांती जी महाराज के निधन से भारतीय समाज सनातन संस्कृति और करोड़ों रामभक्तों को अपूरणीय क्षति पहुँची है।

वेदांती का जन्म रीवा में  हुआ था

डॉ. वेदांती का जन्म रीवा के गुढ़वा गांव में 7 अक्टूबर 1958 को हुआ था। जब वे 12 साल के थे, तब अयोध्या आ गए थे। उनका पूरा जीवन यहीं पर बीता। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ और जौनपुर की मछलीशहर सीट से वह दो बार भाजपा के सांसद भी रहे। उनके उत्तराधिकारी महंत राघवेश दास वेदांती ने उनके निधन की पुष्टि की है।उनके विचार, संघर्ष और संकल्प सदैव रामभक्तों और सनातन संस्कृति में आस्था रखने वाले लोगों को प्रेरणा देते रहेंगे।