राष्ट्रमत न्यूज लखनऊ/बाराबंकी(ब्यूरो)। यूट्यूब पर देखकर खाना बनाना और घरेलू नुस्खे अपनाना तो आम बात है,लेकिन वीडियो देखकर आपरेशन कर देने का मामला बाराबंकी के कोठी क्षेत्र में सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ कि एक झोलाछाप ने पथरी निकालने के नाम पर महिला का आपरेशन किया, लेकिन पथरी तो नहीं निकली उल्टा उसने नशे में आमाशय छोटी आंत और खाने की नली तक काट डाली।दर्द से कराहती महिला ने आखिरकार दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अवैध अस्पताल पर नोटिस चस्पा कर दिया है।

महिला की मौत हो गई
पति की शिकायत पर पुलिस ने अवैध क्लिनिक को सील कर दिया है। वहीं आरोपी पूर्व प्रधान चाचा और भतीजे पर गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार 25 वर्षीय महिला पेट में तेज दर्द से परेशान थी। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में अपने घर के पास एक क्लिनिक में गई। वहां एक आदमी जो खुद को डॉक्टर बता रहा था, उसने दावा किया कि उसे गॉल ब्लैडर में पथरी है और उसने उसकी सर्जरी कर दी। महिला के परिवारवालों का आरोप है कि उसने यह सर्जरी YouTube पर देखे एक ‘वीडियो’ के आधार पर की। कथित तौर पर यह प्रक्रिया गलत हो गई और अगले ही दिन महिला की मौत हो गई।

यह आरोपी विवेक मिश्रा है। इसने अपने चाचा ज्ञान प्रकाश के साथ मिलकर महिला का ऑपरेशन किया था।
झोलाछाप डॉक्टर ने की थी सर्जरी
पुलिस ने बताया कि 48 वर्षीय झोलाछाप डॉक्टर ज्ञान प्रकाश मिश्रा और उसका भतीजा (जिसने गैर-कानूनी सर्जरी में उसकी मदद की थी) फरार हैं। कोठी पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR में महिला के पति, तेज बहादुर रावत (दलित समुदाय से हैं) की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।पीड़िता के परिवार में उसके पति (मज़दूरी करते हैं) और तीन नाबालिग बच्चे हैं। बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक, अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि महिला को इलाज के लिए आरोपी के पास ले जाया गया था और गलत मेडिकल प्रक्रिया के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान एक मेडिकल टीम ने आरोपी के क्रेडेंशियल्स की जांच की और पाया कि वह एक झोलाछाप डॉक्टर था और उसका क्लिनिक स्वास्थ्य विभाग में रजिस्टर्ड नहीं था।