बंपर वोटिंग से सरकार बदलेगी या वही रहेगी,सबके अपने अपने दावे - rashtrmat.com

बंपर वोटिंग से सरकार बदलेगी या वही रहेगी,सबके अपने अपने दावे

राष्ट्रमत न्यूज,पटना/ नई दिल्ली(ब्यूरो)। बिहार के पहले फेज में बंपर वोटिंग हुई है। विपक्ष इसे सत्ता परिवर्तन मान रहा है।वहीं सत्ता पक्ष कह रहा है सरकार के काम काज से जनता खुश है।15 मंत्रियों के विधान सभा में सन् 2020 से अधिक वोट पड़े हैं। सवाल यह है कि इतनी अधिक वोटिंग किसका खेल बिगाड़ेगी। यदि यही स्थिति दूसरे फेज में रही तो सुशासन और कुशासन का संकेत साफ हो जाएगा।

सबसे ज्यादा कल्याणपुर में वोटिंग

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले फेज की वोटिंग खत्म हो गई है। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक 60.13 फीसदी वोटिंग हुई है। बेगूसराय में सबसे ज्यादा 67.32% और शेखपुरा में सबसे कम 52.36% वोटिंग हुई। हालांकि अगर पहले चरण के मंत्रियों की सीटों पर बात की जाए तो सबसे ज्यादा कल्याणपुर में 71. 62% और सबसे कम बांकीपुर 40.00% में मतदान हुआ। 121 सीटों में से 3 सीट पर सबसे कम वोटिंग देखी जा रहीं है। राजधानी पटना के शहरी क्षेत्र कुम्हरार में 39.52 फीसदी, दीघा में 39.10 फीसदी और बांकीपुर में 40 फीसदी मतदान हुआ।

14 नंवबर को नतीजे आएंगे

पहले फेज की वोटिंग खत्म होने के साथ ही 18 जिलों की 121 सीटों पर आज 1314 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो गई। इनमें 104 सीटों पर सीधा मुकाबला है, जबकि 17 सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई है। बिहार की 243 सीटों पर 2 फेज में चुनाव हो रहे हैं। 14 नंवबर को नतीजे आएंगे।

जनता सरकार के कामों से खुश-सत्ता पक्ष
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 16 मंत्रियों की सीटों पर भी मतदान हुआ है। इसमें 15 सीटें ऐसी है, जहां पिछले बार के मुकाबले ज्यादा मतदान हुआ है। एक मात्र सीट कुढ़नी ऐसी रही है जहां 2020 के चुनाव से कम वोट पड़े। इन 15 सीटों पर ज्यादा मतदान को दोनों पक्ष अपने-अपने फायदे में बता रहे हैं। सत्ता पक्ष की ओर से कहा जा रहा है कि जनता सरकार के कामों से खुश हैं इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोगों ने मतदान किया है।

मतदान शांतिपूर्ण-  सम्राट चौधरी  
डिप्टी सीएम और तारापुर से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी ने कहा कि मैं बिहार प्रशासन, बिहार की जनता और चुनाव आयोग का धन्यवाद करना चाहता हूं कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। बिहार में आम मतदाताओं ने जिस तरह से बढ़-चढ़कर मतदान किया है, उससे साफ दिखता है कि इस बार पिछले चुनाव की तुलना में वोटिंग प्रतिशत में 4 से 5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। हमारे प्रतिनिधियों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार पहले चरण के बाद एनडीए 121 में से करीब 100 सीटों पर जीत रही है, और यह परिणाम 2010 के रिकॉर्ड को तोड़ने वाला होगा। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को भी आज के चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा। इस बार भी लालू प्रसाद यादव के पूरे परिवार में से कोई भी चुनाव नहीं जीतेगा। सभी को इस बार हार का सामना करना पड़ेगा। वहीं विपक्ष का मानना है कि ज्यादा मतदान सरकार की खिलाफ नाराजगी बताता है। लोग वर्तमान सरकार के मंत्रियों से खुश नहीं है और यही नाराजगी उन्होंने मतदान में बदली है।
  बदलाव के लिए वोट -जनसुराज  
जनसुराज के ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर लिखा गया कि आज बिहार रिकॉर्ड तोड़ मतदान कर रहा है। शाम पांच बजे तक 61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है। अभी ये आंकड़े और बढ़ेंगे, लेकिन अभी तक के आंकड़ों ने ही पिछले कई विधानसभा चुनावों के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का घरों से बाहर निकलकर वोट देना इस बात का साफ संकेत दे रहा है कि बिहार की जनता बदलाव के लिए वोट कर रही है, अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट दे रही है। विश्वास रखिए, 14 नवंबर को जनता का राज आ रहा है, जन सुराज आ रहा है।
पहले चरण की सियासी घटनाएं
  • लखीसराय: डिप्टी CM की गाड़ी पर हमला हुआ। राजद MLC अजय सिंह से भिड़े विजय सिन्हा।
  • पटना: मनेर में ID चेक करने पर RJD उम्मीदवार भाई वीरेंद्र ने दरोगा को धमकाया। कहा- यहीं आग लगा देंगे।
  • वैशाली- RJD उम्मीदवार रविंद कुमार सिंह के भड़काने पर लोगों ने CAPF जवानों पर पत्थर फेंके।
  • दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में पोलिंग एजेंट को धमकी मिली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस पर पथराव हुआ। 2 हिरासत में।
  • सारण: जैतपुर में मांझी सीट से CPI प्रत्याशी सत्येंद्र कुमार की गाड़ी पर ईंट-पत्थर, लाठी से हमले किए गए।
  • लखीसराय: बूथ कैप्चरिंग की खबर पर SP मौके पर पहुंचे। 1 घंटे पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च किया।
  • 10 जिलों में EVM में खराबी आई। वैशाली के लालगंज में लगे वोट चोरी के नारे। इस दौरान मतदान भी रुका।
  • पटना: पटना साहिब के बूथ नंबर 238 पर विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव से मतदान कर्मियों की बहस हो गई।
  • सीवान, दरभंगा और मुजफ्फरपुर के 8 बूथों पर मतदान का बहिष्कार किया है। सीवान, दरभंगा में सड़क की मांग थी। मुजफ्फरपुर में श्मशान की। नालंदा के 3 बूथों पर एक भी वोट नहीं पड़ा।
  • नालंदा: बिहारशरीफ में मतदान के दौरान पुलिस ने 4 बीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि ये बूथ के पास पर्ची बांट रहे थे।
  • मुंगेर: नक्सल प्रभावित भीमबंद गांव में 20 साल बाद पहली बार हुआ मतदान।