बिजली के झूलते तारों से हादसा हुआ तो विभाग दोषी होगा- कलेक्टर - rashtrmat.com

बिजली के झूलते तारों से हादसा हुआ तो विभाग दोषी होगा- कलेक्टर

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कलेक्टर मृणाल मीना ने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों की बैठक लेकर विद्युत से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।जिले में झुके हुए बिजली के खम्बों एवं उन पर लटकते तारों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने लांजी एवं परसवाड़ा क्षेत्र में हुई दुर्घटनाओं के बाद भी अब तक लटकते तारों को ठीक नही किये जाने पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि भविष्य में कोई दुर्घटना होगी तो उसके लिए संबंधित संभागीय यंत्री को जिम्मेदार माना जाएगा और उसके विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही की जाएगी।

सोलर कनेक्शन के लिएआवेदन लिये जाए

बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आरडीएसएस योजना, धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत विद्युत वितरण कार्य, नक्सल प्रभावित क्षेत्र में प्रस्तावित विभागीय कार्य, विद्युत दुर्घटना रोकने के लिए सुधार कार्य की समीक्षा की गई।  बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगो को जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना का अधिक से अधिक एवं व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए और लोगो को इससे होने वाले लाभ की जानकारी दी जाए। सोलर कनेक्शन के लिए शिविर लगाकर अधिक संख्या में आवेदन लिये जाए।

530 सोलर कनेक्शन स्थापित

जिन क्षेत्रों में बिजली की समस्या है या जहां पर बिजली की लाईन नही है उन क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ सोलर कनेक्शन देने की कार्यवाही की जाए। इस दौरान बताया गया कि जिले में 07 हजार सोलर कनेक्शन स्थापना का लक्ष्य दिया गया है। इसके विरूद्ध अब तक जिले में 530 सोलर कनेक्शन स्थापित किये जा चुके है। जिले के 78 शासकीय भवनों की छतों पर 20 किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल लगाने के लिए सर्वे किया जा चुका है। ग्राम कोसमी को आदर्श सौर ग्राम के रूप में चयनित किया गया है। कलेक्टर ने शासन की योजना के अंतर्गत 90 प्रतिशत अनुदान पर अधिक से अधिक पात्र किसानों को सोलर पम्प दिलाने के निर्देश दिए।