हिमाचल के होटलों में टूरिस्ट को 50% डिस्काउंट - rashtrmat.com

हिमाचल के होटलों में टूरिस्ट को 50% डिस्काउंट

राष्ट्रमत न्यूज,शिमला।  हिमाचल प्रदेश से मानसून लौटते ही होटेलियर ने बंपर डिस्काउंट का ऐलान कर दिया है। पर्यटन स्थलों पर कमरों की बुकिंग में टूरिस्ट को अधिकतम 50 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। इस छूट के बाद, 5 हजार का कमरा ढाई हजार और 2 हजार का कमरा मात्र एक हजार रुपए में मिल रहा है।

पर्यटन स्थलों पर चहल-पहल बढ़ी

शिमला और मनाली समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर भी टूरिस्ट अगले कुछ दिन इस डिस्काउंट का फायदा उठा सकेंगे। मानसून की बारिश थमने और सड़कों की बहाली के बाद टूरिस्ट पहाड़ों पर पहुंचने लगा है।इससे, पर्यटन स्थलों पर बीते चार-पांच दिनों के दौरान चहल-पहल बढ़ी है। शिमला, कुफरी, नारकंडा और चायल में टूरिस्ट नजर आने लगा है।

मनाली में एक महीने बाद बस सेवाएं शुरू

अब मनाली भी टूरिस्ट आना शुरू हो जाएगा, क्योंकि मनाली से एक महीने बाद लौंग रूट की बस सेवाएं शुरू हो गई है। गुरुवार को मनाली से दिल्ली, चंडीगढ़, जालंधर इत्यादि स्टेशन को बसें भेजी गई। इसके बाद, देश के विभिन्न राज्यों से वॉल्वो बसें भी मनाली आ सकेंगी।प्रदेश में लगभग साढ़े तीन महीने के अंतराल के बाद टूरिस्ट पहाड़ों पर पहुंचना शुरू हुआ है। पर्यटन स्थलों पर इससे रौनक लौटनी शुरू हो गई है। शिमला व आसपास के होटलों में 15 से 20 फीसदी ऑक्यूपेंसी हो चुकी है। वीकेंड पर इसके 35 प्रतिशत होने का अनुमान है।

पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली सड़कें बहाल

प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली सड़कें भी बहाल हो चुकी हैं। राज्य के ज्यादातर हिस्सों से मानसून भी विड्रा हो चुका है और अगले 5 दिन तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं। ऐसे में टूरिस्ट पहाड़ों पर सुहावने मौसम और होटलों में डिस्काउंट का फायदा उठा सकेंगे।वहीं मनाली में भी 10 फीसदी ऑक्यूपेंसी हो गई है। मनाली में वॉल्वो बसों की आवाजाही बीते कल से शुरू हो गई है। इसके बाद मनाली में रविवार तक 30 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी होने की उम्मीद है। होटेलियर अनूप ठाकुर ने बताया कि मनाली में टूरिस्ट को 50 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। यह छूट अगले कुछ दिन जारी रहेगी।