अवैध सागौन सहित 38 नग लकड़ी और फर्नीचर बरामद - rashtrmat.com

अवैध सागौन सहित 38 नग लकड़ी और फर्नीचर बरामद

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट वन विभाग के उड़नदस्ता दल ने लालबर्रा परिक्षेत्र के बघोली गांव में एक घर पर दबिश देकर अवैध रूप से रखी सागौन सहित कई प्रजाति की लकड़ी, चिरान और फर्नीचर जब्त किया है। इस कार्रवाई में कुल 38 नग लकड़ी बरामद की गई, जिसकी अनुमानित मात्रा 3.5 घन मीटर है।

तत्काल तलाशी वारंट जारी

उड़नदस्ता प्रभारी कार्यवाहक उपवन क्षेत्रपाल अजय चौरे ने बताया कि विभाग को बघोली में अवैध लकड़ी भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल तलाशी वारंट जारी कर खिलेश पिता शिवलाल यादव के घर पर दबिश दी।तलाशी के दौरान सागौन के 7 नग लट्ठे, 24 नग सागौन चिरान, 6 नग जामुन चिरान और 1 नग खमेर की लकड़ी मिली। जब्त वनोपज का बाजार मूल्य लगभग 16 हजार रुपए आंका गया है।

घर से लकड़ियां जब्त करती वन विभाग की टीम।

केस दर्ज किया गया 

चौरे ने बताया कि जब्त लकड़ी को वनोपज परिक्षेत्र कार्यालय में सुरक्षित जमा करा दिया गया है। इस मामले में पीआर काटकर केस दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सागौन की लकड़ी अवैध तरीके से एकत्र की गई पाई गई है। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि यह लकड़ी कहां से और किस माध्यम से लाई गई थी।इस कार्रवाई के दौरान कार्यवाहक उपवन क्षेत्रपाल राजेंद्र कुमार मडामे, कार्यवाहक वनपाल राकेश सनोडिया, कार्यवाहक उपवन क्षेत्रपाल पीटी सोनवंशी, वनरक्षक नरेंद्र कुमार शेंडे, सौरभ यादव, तिलक सिंह रहांगडाले, देवेंद्र उके और चालक शंभूलाल यादव सहित परिक्षेत्र का वन अमला मौजूद रहा।