खाद्य सामग्री के 32 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गये - rashtrmat.com

खाद्य सामग्री के 32 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गये

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)। आमजन को मिलावट रहित, स्‍वच्‍छ एवं गुणवत्‍तायुक्‍त खाद्य सामग्री उपलब्‍ध कराने के लिए कलेक्‍टर   मृणाल मीना के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा जिले के विभिन्‍न स्‍थानों पर खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले प्रतिष्‍ठानों की आकस्मिक जांच कर खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने 10 एवं 11 अक्‍टूबर को बालाघाट, भरवेली, भानेगांव एवं लांजी में छापामार कार्यवाही कर विभिन्‍न प्रतिष्‍ठानों से खाद्य सामग्री के 32 नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भोपाल भेजे हैं। इसके साथ ही 05 प्रतिष्‍ठानों के संचालकों को साफ-सफाई एवं स्‍वच्‍छता बनाये रखने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए

 मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ परेश उपलप के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री योगेश डोंगरे, श्री वाजिद मोहिब एवं श्रीमती गीता टांडेकर की टीम ने 10 एवं 11 अक्‍टूबर को भरवेली स्थित महाजन होटल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान महाजन होटल से दूध, पेड़ा, मावा, मगज के लड्डू का नमूना लिया गया । होटल में स्‍वच्‍छता का अभाव पाये जाने पर होटल में साफ सफाई एवं स्‍वच्‍छता बनाये रखने के लिए नोटिस दिया गया । इसी प्रकार महाराजा होटल भरवेली से मगज के लड्डू, कलाकंद एवं पेड़ा के नमूने लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे गए। महाराजा होटल भरवेली के संचालक को भी स्वच्छता संबंधी नोटिस जारी किया गया । बालाघाट के आनंद भंडार मिष्ठान की शिकायत प्राप्त होने पर वहां से पनीर, चॉकलेट, बर्फी एवं पेड़ा के नमूने जांच एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।

स्‍वच्‍छता के लिए सूचना नोटिस

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने भानेगांव स्थित अंबिका ट्रेडर्स से ड्राई फ्रूट बादाम, आयोडाइज्ड नमक, गुलाब जामुन मिक्स के नमूने जांच एकत्र किये हैं । और लांजी स्थित जयकारा होटल को स्वच्छता के लिए नोटिस जारी किया गया है तथा यहां से चॉकलेट, बर्फी, पेड़ा, मलाई पेड़ा के नमूने एकत्र किये गये । लांजी बस स्टैंड स्थित कृष्णा बीकानेर होटल की जांच के दौरान मिल्क केक, मैसूर पाक एवं चमचम के नमूने जांच के लिए एकत्र किये गये। नैवेद्यम स्वीट्स की जांच के बाद उसके संचालक को स्‍वच्‍छता के लिए सूचना नोटिस दिया गया है और वहां से गुलाब जामुन, खोवा, पेड़ा तथा नमकीन के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए एकत्र किये गए हैं ।

होटल लांजी की जांच की गई

बस स्टैंड लांजी स्थित शिवराज होटल से कुकिंग ऑयल, मैसूर पाक के नमूने जांच के लिए एकत्र किये गए । लक्ष्मी बीकानेर होटल लांजी की जांच की गई तथा शीतल उपहार ग्रह से काजू कतली, मिल्क केक, खोवा बर्फी के नमूने लिए गए एवं उन्‍हें भी सुधार सूचना नोटिस दिया गया । शर्मा स्वीट्स लांजी से पनीर एवं कलाकंद के नमूने जांच के लिए एकत्र कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं ।

खाद्य सामग्री के नमूनों में मिलावट

इस प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने 10 एवं 11 अक्‍टूबर को बालाघाट, भरवेली, भानेगांव एवं लांजी के विभिन्‍न प्रतिष्‍ठानों से खाद्य सामग्री के कुल 32 नमूने एकत्र कर जांच के लिए राज्‍य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे हैं। पांच प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई, स्‍वच्‍छता एवं सुधार के लिए सूचना नोटिस जारी किए गए हैं । प्रयोगशाला जांच में खाद्य सामग्री के नमूनों में मिलावट पाये जाने एवं अमानक पाये जाने पर संबंधित प्रतिष्‍ठान के संचालक के विरूद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दंडात्‍मक कार्यवाही के लिए न्‍यायालय में प्रकरण प्रस्‍तुत किया जायेगा।