धान व्यापारी और मिलर्स से बालाघाट में 2300 क्विंटल धान जब्त - rashtrmat.com

धान व्यापारी और मिलर्स से बालाघाट में 2300 क्विंटल धान जब्त

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर राजस्व, खाद्य आपूर्ति और वेयरहाउसिंग विभाग की एक संयुक्त टीम ने व्यापारियों और राइस मिलर्स के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। चार राइस मिलों में मौके परगोपाल एग्रोटेक लिंगा, जय मां अम्बे राइस मिल एंड ट्रेडर्स बगदरा, मां संतोषी इंडस्ट्रीज नैतरा और अग्रवाल राइस इंडस्ट्रीज लिंगा जैसे प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इन मिलों से कुल 2302.64 क्विंटल धान का स्टॉक मिला, जिसे उपार्जन अवधि समाप्त होने तक सील कर दिया गया।

जुर्माना राशि वसूल की गयी
निरीक्षण में गोपाल एग्रोटेक, लिंगा में 1000 क्विंटल धान, मां संतोषी इंडस्ट्रीज नैतरा में 70.64 क्विंटल धान तथा अग्रवाल राइस इंडस्ट्रीज, लिंगा में 102 क्विंटल धान मंडी स्टाक के अनुसार निर्धारित मात्रा में पाया गया। वहीं जय मां अम्बे राइस मिल एंड ट्रेडर्स बगदरा में 1148 क्विंटल धान पाया गया। जिसका भौतिक सत्यापन करने पर निर्धारित मंडी स्टाक से 86 क्विंटल अधिक धान पाया गया। इस अनियमितता पर प्रकरण दर्ज करते हुए संबंधित पर पांच गुना मंडी शुल्क के रूप में 10260 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।वहीं, पाराशर राइस मिल की जांच में मंडी पोर्टल पर दर्ज 230 क्विंटल धान का स्टॉक मौके पर नहीं मिला। इस अनियमितता के चलते मिल के प्रोपराइटर अंशुल पाराशर के खिलाफ भी 5 गुना मंडी शुल्क वसूलने की कार्रवाई की गई। 

बिक्री पर  रोक लगा दी गई है

अधिकारियों की टीम द्वारा पौनी मोहगांव क्षेत्र में भी निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में धान का अवैध भंडारण पाया गया। जांच में अजय ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान से 112 बोरी धान जब्त कर सील किया गया।  किरनापुर क्षेत्र के सेवती में मनीष असाटी के मेसर्स असाटी ट्रेडर्स से 635 क्विंटल धान का स्टॉक जब्त कर व्यापारी को सुपुर्द किया गया।जब्त की गई धान की बिक्री पर उपार्जन अवधि समाप्त होने तक रोक लगा दी गई है।