
केवड़िया। । गुजरात के केवड़िया में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार राष्ट्रीय एकता दिवस एक अद्भुत संयोग लेकर आया है। एक तरफ आज हम एकता का पर्व मना रहे हैं तो दूसरी तरफ दीपावली का भी पर्व है। दीपावली दीयों के माध्यम से पूरे देश को जोड़ती है। पूरे देश को रोशन करती है। मैं देश और दुनिया में रहने वाले सभी भारतीयों और भारत के शुभचिंतकों को दीपावली की बहुत.बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
हमेशा के लिए दफना दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पूरा देश खुश है कि आजादी के सात दशक बाद एक देश और एक संविधान का संकल्प पूरा हुआ है। यह सरदार साहब को मेरी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है। 70 साल तक बाबा साहब अंबेडकर का संविधान पूरे देश में लागू नहीं हुआ। संविधान का नाम जपने वालों ने इसका बहुत अपमान किया था। इसका कारण जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 की दीवार थी। अनुच्छेद 370 को हमेशा के लिए दफना दिया गया है। पहली बार इस विधानसभा चुनाव में बिना भेदभाव के मतदान हुआ। पहली बार वहां के मुख्यमंत्री ने भारत के संविधान की शपथ ली है। यह संविधान निर्माताओं को हमारी विनम्र श्रद्धांजलि है।
एक राष्ट्र एक चुनाव पर काम
पीएम मोदी ने कहा कि हम अब एक राष्ट्र एक चुनाव की दिशा में काम कर रहे हैं। जिससे भारत का लोकतंत्र मजबूत होगा, भारत के संसाधनों का अधिकतम उपयोग होगा और देश विकसित भारत के सपने को साकार करने में नई गति प्राप्त करेगा। आज भारत एक राष्ट्र एक नागरिक संहिता यानी धर्मनिरपेक्ष नागरिक संहिता की ओर बढ़ रहा है। नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हम सभी वन नेशन आइडेंटिटी आधार की सफलता देख रहे हैं और दुनिया भी इसकी चर्चा कर रही है।
लोकतंत्र मजबूत होगा
प्रधान मंत्री ने कहा पहले भारत में अलग-अलग टैक्स सिस्टम थे, लेकिन हमने वन नेशन वन टैक्स सिस्टम बनाया। हमने वन नेशन वन पावर ग्रिड से देश के पावर सेक्टर को मजबूत किया। हमने वन नेशन वन राशन कार्ड के जरिए गरीबों को मिलने वाली सुविधाओं को एकीकृत किया। हमने आयुष्मान भारत के रूप में देश के लोगों को वन नेशन वन हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा दी है। एकता के हमारे इन्हीं प्रयासों के तहत अब हम वन नेशन वन इलेक्शन की दिशा में काम कर रहे हैं। जिससे भारत का लोकतंत्र मजबूत होगा।