
Women cheated by cyber thugs for 6 month as insurance agent
राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट(ब्यूरो)। मध्यप्रदेश में बालाघाट में एक शासकीय कर्मचारी महिला के साथ बीमा क्लेम के नाम पर धोखाधड़ी करने घटना सामने आई है। साइबर ठगों ने बीमा एजेंट बनकर महिला से 44 लाख 55 हजार 495 रुपए की ठगी की।ठगों ने अलग अलग 12 नम्बरों से महिला को फोन किया। और छह महीनों में अलग अलग तरीके से महिला को ठगा।
अलग-अलग नंबरों से कॉल किया
महिला ने 2019-20 में बीमा पॉलिसी ली थी। एक किश्त जमा करने के बाद उसने आगे की किश्तें नहीं भरीं। इसी का फायदा उठाकर ठगों ने महिला को झांसा दिया कि राशि जमा करने पर बीमा क्लेम मिल जाएगा। पिछले 6 महीनों में ठगों ने अलग-अलग तरीकों से महिला से पैसे ऐंठे। महिला को 12 अलग-अलग नंबरों से कॉल किया गया।
फोन-पे के माध्यम से भुगतान किया
2019-20 में महिला ने भारतीय एक्सा लाइफ और मैस लाइफ से बीमा कराया था। भारतीय एक्सा लाईफ से 28,300 रुपए और मैस लाईफ से 60 हजार रुपए बीमा की सिंगल पॉलिसी ली थी। वह सिंगल प्रीमियम न होकर 10 साल की पॉलिसी थी। जो महिला को बांड से पता चला था। सितंबर 2024 में पहला फोन राहुल सक्सेना के नाम से आया। उसने बताया कि राजीव दीक्षित के पास 9 लाख भुगतान की फाइल भेजी है। फिर राजीव दीक्षित का व्हाट्सअप कॉल आया। 9 लाख के क्लेम के लिए 28 हजार 300 रुपए सिक्योरिटी मांगी। जो महिला ने फोन-पे के माध्यम से भुगतान किया। इसके बाद फंड मैनेजर के रूप में आशुतोष श्रीवासतव, उसके बाद जोनल हेड के रूप में अनिरुद्ध पांडेय का कॉल आया। पिछले 6 महीने में 12 अलग-अलग नंबरों से कॉल किया गया। महिला ने आरोपियों को आरटीजीसी भी किया था।
संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें
कोतवाली थाने के नगर निरीक्षक विजय राजपूत ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में ठगों का कनेक्शन दिल्ली से जुड़ा होने की जानकारी मिली है।बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान कॉल्स को नजरअंदाज करें। अपने गोपनीय दस्तावेज या ओटीपी किसी को न दें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।