
Widow mother throat her daughter
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट। जिले के किरनापुर थाना के चैकी रजेगांव अंतर्गत मौदा में एक विधवा महिला ने अपनी तीन माह की बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। किरनापुर थाना पुलिस ने आरोपी मां दीपाली मते को गिरफ्तार कर लिया है।
बच्ची का शरीर ठंडा था
पुलिस के मुताबिक ग्राम मौदा निवासी दीपाली मते उम्र 24 वर्ष ने अपनी तीन माह की पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी है। आरोपिया दीपाली के पति का निधन नवम्बर 2024 में हो गया था। जिसके बाद से वह अपने ससुराल में ही रह रही थी। रात करीब 01 बजे दीपाली ने अपनी सास को बताया कि बच्ची दूध नहीं पी रही है और वह हिल डुल भी नहीं रही है। सास ने बच्ची का शरीर छुआ तो उसने पाया कि ठंडा है। सास ने पूछा इसका शरीर ठंडा क्यों है? तब दीपाली ने स्वीकार किया कि उसने उसका गला दबा कर हत्या कर दी।
हत्या की वजह अज्ञात
सुबह जब यह जानकारी पड़ोस में रहने वाले परिवारजनों को मिली तो उन्होंने तत्काल थाना किरनापुर को सूचना दी। दीपाली मते से पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति और पारिवारिक तनाव की जांच कर रही है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।