
Wheat will increase the difficulties of farmers
नई दिल्ली (ब्यूरो)। देश में आने वाले दो चार दिनों में मौसम बदलने वाला है। देश के कई राज्यों तेज हवाएं और तूफान की वजह से गेहूं के किसानों के लिए मुश्किल भरे दिन होंगे। बिहार में अलर्ट घोषित किया गया है। कई राज्यों में बारिश की संभावना है। वैसे मध्यप्रेदश में रीवा में तेज धूप के साथ ठंडी हवा दिन भर चलती रही।
बर्फबारी की संभावना
चार दिन बाद उत्तर भारत में मौसम करवट लेगा। दरअसल, 9 मार्च से उत्तर भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होगा। इसकी वजह से 11 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
असम और मेघायल में बारिश
उधर, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक असम के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव में आज अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। असम और मेघायल में बारिश देखने को मिलेगी।
फसल जमीन पर लेट सकती है
अगले 24 घंटे में दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बिगड़ेगा। यहां 25 से 45 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 8 मार्च को बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। यहां 30 से 40किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। ऐसे में गेहूं किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। तेज हवाओं की वजह से फसल जमीन पर लेट सकती है।
बिहार में तूफान का अलर्ट
7 और 8 मार्च को पश्चिम बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों और सिक्किम में बारिश होगी। 5 और 6 मार्च को केरल और माहे में गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा। आज गुजरात में मछुआरों को समुद्र किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है। 7 मार्च को सिक्किम में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। 8 मार्च को बिहार में तूफान के आसार हैं।
कहां–कैसा है तापमान
महाराष्ट्र, तेलंगाना, केरल, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण छत्तीसगढ़, ओडिशा, सुदूर दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर आंतरिक तमिलनाडु के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 35-39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना है। तापमान कर्नाटक और तमिलनाडु के बाकी हिस्सों, आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा के अधिकांश स्थानों पर 30-35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना है।
इन स्थानों पर बढ़ा तापमान
जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, पूर्वी तेलंगाना, दक्षिणी तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक के कई स्थानों पर तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है।