
We are determined for organizing sinhastha-CM
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली के पावन अवसर पर उज्जैन में कालिदास अकादमी परिसर में नागरिकों के साथ फूलों की होली खेली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमृत 2.0 मिशन अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों तथा सिंहस्थ क्षेत्र में 476 करोड रुपए लागत के सीवरेज कार्यों का भूमि-पूजन किया। इससे 3 लाख से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी।
उज्जैन जैसा स्वर्ग हमें मिला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम उज्जैन के गौरव में उत्तरोत्तर वृद्धि के लिए सदैव प्रयासरत है। हम भाग्यशाली हैं जो उज्जैन जैसा स्वर्ग हमें मिला है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आने वाले सिंहस्थ-2028 के भव्य आयोजन के लिए हम कृत-संकल्पित हैं। इसके अंतर्गत 2329 करोड़ के कार्य किये जा रहे हैं। जल संसाधन विभाग के 2533 करोड़ रुपए के तीन, ऊर्जा विभाग के 329 करोड रुपए के 6 कार्य किये जा रहे हैं। 9650 करोड़ रुपए के टू लेन तथा फोर लेन सड़क निर्माण किये जा रहे हैं।
सिंहस्थ का आयोजन सब की जिम्मेदारी
पर्यटन के 382 करोड़ रुपए, संस्कृति विभाग के 259 करोड़ रुपए के काम किये जा रहे हैं। मेडिसिटी में मेडिकल कॉलेज सहित अन्य उल्लेखनीय कार्य किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के समस्त कार्य जून 2027 में पूर्ण कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ का व्यापक एवं भव्य आयोजन हम सब की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन औद्योगिक क्षेत्र में विश्व स्तरीय पेप्सीको कंपनी द्वारा वृहद स्तर की फैक्ट्री डाली जाएगी, जो आलू के चिप्स बनाएगी। उज्जैन को शीघ्र ही “जू” की सौगात मिलने वाली है।