
Employee
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील अनियमित कर्मचारी फेडरेशन के अध्यक्ष गोपाल प्रसाद साहू,पदाधिकारी एवं सदस्यों ने राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय को बताया कि बीजेपी के घोंषणा पत्र में कर्मचारियों के हितों को लेेकर जो बात कही गयी थी विष्णु देव साय सरकार ने दस माह बाद भी पूरी नहीं की। कर्मचारियों की मांगों के प्रति साय सरकार असंवेदनशील रही तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
अनियमित आन्दोलन करेंगे
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील अनियमित कर्मचारी फेडरेशन के अध्यक्ष गोपाल साहू ने सांसद संतोष पांडे को एक ज्ञापन देकर बताया कि प्रदेश सरकार ने चुनाव में वायदा किया था कि उनकी सरकार बनी तो कर्मचारियों की मांगो को पूरा किया जाएगा। सरकार बने दस माह हो गए लेकिन एक भी मांगे पूरी नहीं की गयी। गोपाल साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश के शासकीय कार्यालयों, विभाग संस्थाओं में कार्यरत अनियमित कर्मचारियों का आज तक नियमितीकरण नहीं किया गया है। निकाले गए कर्मचारियों की बहाली भी नहीं हुई है। न्यूनतम मानदेय कर्मचारियों को नहीं दिया गया। इसके अलावा अंशकालीन कर्मचारियों को पूर्णकालीन करने, आउट सोर्सिंग ठेका सेवा प्रदाता समूह समिति के माध्यम से नियोजन सिस्टम बंद करते हुए इन कर्मचारियों के नियमितीकरण,और स्थायीकरण करने की मांग भी वर्षों से लंबित है। कर्मचारियों की इन मांगो का ध्यान मुख्यमंत्री को दिलाएं और मांगे पूरी करने की दिशा में सार्थक पहले करें अन्यथा सरकार द्वारा अनदेखा करने से कर्मचारी संघ व्यथित एवं आक्रोशित है एवं आगामी समय में अनियमित आन्दोलन के लिए विवश हो जाएंगे।
साय सरकार असंवेदनशील
सांसद संतोष पांडे के द्वारा पूछे जाने पर गोपाल प्रसाद साहू प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें बताया कि अनियमित कर्मचारियों के नियमित करने की बात भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र में था। इसके बावजूद सरकार कार्यवाही नहीं कर रही है। कर्मचारी संघ ने समय समय पर मुख्यमंत्री उप मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष से मिलकर अनियमित कर्मचारियों की समस्याओं को रखा। लेकिन विष्णु देव साय की सरकार केे 10 माह पूर्ण होने के उपरांत भी सरकार की अनियमित कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाई नहीं दे रही है।
आंदोलन नहीं करना पड़ेगा
सांसद संतोष पांडे ने इस दिशा में मुख्यमंत्री से बात करके कर्मचारियों की समस्याओं के निवारण की बात कही। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश के अनियमित कर्मचारियों को आंदोलन के लिए बाध्य नहीं होना पड़ेगा। प्रतिनिधि मंडल में गोपाल प्रसाद साहू प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रगतिशील अनियमित कर्मचारी फेडरेशन विभिन्न विभागीय अनियमित संगठनों के पदाधिकारी यथा सुदेश यादव, उमेश तिवारी, देवेन्द्र सेन, सुशील श्रीवास्तव, भोज राज नेताम,विनोद सोनी, हरीश वर्मा, शरद वर्मो,उमेश जंघेल, छगन राम वर्मा, अर्चना साहू, आभा हिरवानी, शारदा रंगे, सरिता साहू, हितेश कुमार साहू, सुश्री तोमेश्वरी, ललित देवांगन आदि सम्मिलती थे।