
Two prize women naxalites killd in mandla
बालाघाट (ब्यूरो)। मंडला जिले के बिछिया थानांतर्गत सरई क्षेत्र के जंगल में बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में हाक फोर्स के जवानों ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया। मारी गयी महिला नक्सिलयों पर 14-14 लाख रुपए का इनाम था। मुठभेड़ में अन्य नक्सलियों के घायल होने की संभावना है। जिनकी तलाश के लिए सर्चिंग आपरेशन जारी है। मारी गयी महिला नक्सलियो में एक छत्तीसगढ़ की है और दूसरी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली की है। मारी गयी महिला नक्सली मेें एक का नाम ममला और दूसरी का प्रमिला हैं ।
सर्चिंग आपरेशन जारी है
बालाघाट रेंज के आईजी संजय कुमार के अनुसार मंडला जिले के बिछिया थानांतर्गत सरई क्षेत्र के जंगल में हाक फोर्स की टीम सर्चिंग कर रही थी। इसी दौरान मंडिदादर और गंहेदिदायर के जंगल में छिपे नक्सलियों ने हाक फोर्स पर फायरिंग शुरू कर दी। हाक फोर्स टीम की तरफ से भी जवाबी फायरिंग की गई। दोनों ओर से लगभग एक घंटे तक फायरिंग चलती रही। जिसके बाद नक्सली पीछे हट गए। काफी देर तक जवाबी फायरिंग नहीं होने पर सर्चिग अभियान शुरू किया गया। जिसमें दो महिला नक्सलियों के शव मिले। उनके पास फायर आर्म्स भी थे। मुठभेड़ के दौरान कुछ नक्सलियों के घायल होने की संभावना जताई जा रही है। उनकी तलाश में हाक फोर्स की टीम द्वारा सर्चिंग आपरेशन जारी है।
दोनो इनामी थी महिला नक्सली
मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मुठभेड़ में मारी गई दोनों महिला नक्सलियों की शिनाख्त हो गई है। उनके नाम ममला और प्रमिला हैं दोनों पर 14-14 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
एक छग की दूसरी गढ़चिरौली की
मुठभेड़ बुधवार सुबह करीब 10 बजे बिछिया थाना क्षेत्र के मुंडिदादर और गन्हेरिदादर के जंगल में हुई। सर्चिंग के दौरान मुठभेड़ स्थल से एक एसएलआर, एक भरमार बंदूक, वायरलेस सेट और दैनिक जरूरत का सामान मिला है। पुलिस के मुताबिक मारी गई नक्सलियों में से एक छत्तीसगढ़ और दूसरी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की रहने वाली है।
बालाघाट में मारी गयीं थी 4 महिला नक्सली
इससे पहले 19 फरवरी को बालाघाट के गढ़ी थाना इलाके में हुई मुठभेड़ में चार महिला नक्सली मारी गई थी। ये सभी कान्हा भोरमदेव एबी डिवीजन खटिया मोर्चा दलम की सदस्य थी। इनमें से एक आशा पर 14 लाख का इनाम था।
नयी टीम बना लेती थी
बालाघाट मुठभेड़ में मारी गई नक्सली कमांडर आशा वेश बदलने में माहिर थी। वह पिछले 6 साल से पुलिस को चकमा दे रही थी। उसका काम महिलाओं को नक्सली संगठन से जोड़ना था। वह उनसे गोंडी में बात करती थी। वह फर्राटेदार अंग्रेजी भी बोल लेती थी। गोरिल्ला वॉर में ट्रेंड आशा को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती थी। पुलिस जब-जब एनकाउंटर कर नक्सलियों को खत्म करती आशा कुछ ही समय में नई टीम तैयार कर लेती।
सीएम यादव ने दी जानकारी
मंडला में नक्सलियों से हुई मुठभेड़ को लेकर प्रदेश के सीएम डाॅक्टर मोहन यादव ने ट्वीट पर जानकारी दी है। उन्होंने लिखा मंडला जिले के बिछिया थाना अंतर्गत घने जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल के हाकफोर्स के जवानों ने 14-14 लाख की दो इनामी महिला नक्सलियों को ढेर कर हथियार, एसएलआर राइफल और अन्य सामग्री बरामद की है। इस वीरता और शौर्य के लिए मैं सुरक्षा बल के सभी जवानों का अभिनन्दन करता हूं। निश्चित रूप से इस सफलता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व में मार्च 2026 तक भारत को नक्सल समस्या से पूर्णतः मुक्त करने के संकल्प को गति मिलेगी। देश और मध्यप्रदेश पूर्णतः आतंकवादए नक्सलवाद और उग्रवाद से मुक्त होगा।
एक सच राष्ट्रमत का
राष्ट्रमत ने 29 मार्च को एक खबर प्रकाशित किया था कि छत्तीसगढ़ के नक्सली बालाघाट में अपना नया ठिकाना बना रहे हैं। छत्तीसगढ़ में 29 मार्च को ही 17 नक्सली मारे गए थे। पिछले दस दिन में 48 नक्सली मारे गए। देखा जाए तो इस समय छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे का नए तरीके से अभियान चल रहा है। वहीं मध्यप्रदेश में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के नक्सली अपना दायरा बढ़ाने में लगे हैं। कान्हा वन में वो अपना नया ठिकाना बनाने में लगे हैं। इसके अलावा वो डिंडौरी, शहडोल,सीधी,सिगरौली के साथ ही रीवा के तराई क्षेत्र में अपने कदम बढ़ा चुके हैं। ऐसा लगता है कि नक्सली चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ में उनका छाप बनी रही। इसलिए मध्यप्रदेश को छिपने का ठिकाना बनाने में लगे हैं। वहीं हाॅक फोर्स जिस तरह नक्सलियों को ढूंढ रही है,उससे यही लगता है कि नक्सलियों को मध्यप्रदेश में ठिठकने नहीं देंगे।