
Train run rewa only one day due to crowd
राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)। रक्षा बंधन पर रीवा जाने वाले यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने के चलते रेलवे ने शनिवार रात को चलने वाली स्पेशल ट्रेन का फैसला ठीक 6 घंटे पहले लिया।बढ़ती भीड़ को देखकर सिर्फ एक दिन के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला रेलवे विभाग ने लिया। ट्रेन रात 12.40 बजे चलेगी।
ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे
ट्रेन संख्या 01667 ‘रक्षा बंधन एकतरफा एक्सप्रेस स्पेशल’ को भोपाल के रानी कमलापति (RKMP) स्टेशन से 9 अगस्त की रात 12:40 बजे रीवा के लिए रवाना किया जाएगा। ऐसे में यात्रियों को राहत देने के लिए यह ट्रेन केवल एक दिन के लिए चलाई जा रही है।यह ट्रेन रानी कमलापति से रवाना होकर रीवा सुबह 10:50 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे, जिसमें 12 स्लीपर, 3 जनरल और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं।
इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
- रानी कमलापति – रात 12:40 प्रस्थान
- भोपाल – रात 1:00 आगमन, 1:05 प्रस्थान
- बीना – तड़के 3:20 आगमन, 3:25 प्रस्थान
- सागर – सुबह 4:35 आगमन, 4:40 प्रस्थान
- दमोह – सुबह 5:35 आगमन, 5:40 प्रस्थान
- कटनी मुरवारा – सुबह 7:05 आगमन, 7:15 प्रस्थान
- मैहर – सुबह 8:35 आगमन, 8:37 प्रस्थान
- सतना – सुबह 9:10 आगमन, 9:15 प्रस्थान
- रीवा – सुबह 10:50 बजे आगमन
विशेष ट्रेन चलाना जरूरी हो गया
भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता नवल अग्रवाल ने बताया कि हर साल रक्षा बंधन पर रीवा बेल्ट में यात्रियों का दबाव सबसे ज्यादा होता है। इस साल भी 8 और 9 अगस्त की सभी ट्रेनों में सीटें भर चुकी थीं। इसलिए अतिरिक्त भीड़ की क्लियरेंस के लिए एकतरफा विशेष ट्रेन चलाना जरूरी हो गया था।