
The rites of religion will make economic development meaningful
रीवा। कमिश्नर कार्यालय में संकल्प शक्ति एवं तनाव मुक्त प्रबंधन पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। ब्राम्हकुमारी
ईश्वरीय विश्वविद्यालय के विचारक एवं प्रेरक वक्ता बीके सूरज भाई ने वर्चुअल माध्यम से संभाग के सभी अधिकारियों को प्रेरक मार्गदर्शन दिया।
नशामुक्ति के क्षेत्र में सराहनीय कार्य
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि ब्राम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा लोगों को मानसिक रूप से सुदृढ़ करने तथा नशामुक्ति के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। रीवा संभाग के सभी अधिकारियों को आज प्रेरक मार्गदर्शन देकर आपने बहुत अच्छा कार्य किया है। आपके मुख्यालय माउंट आबू में ध्यान केन्द्र में चेतना की अनूठी अनुभूति होती है। देश तेजी से विकास करके आर्थिक महाशक्ति बनने की राह पर है। आर्थिक विकास को धर्म और आध्यात्म के संस्कार ही सार्थक बनाएंगे।
ऊर्जा देने के लिए सकारात्मक विचार दें
आमजनता को धर्म, आध्यात्म और मानवीय संवेदना से जोड़कर ब्राम्हकुमारी विश्वविद्यालय बहुत अच्छा कार्य कर रहा है।
अधिकारियों को मार्गदर्शन देते हुए बीके सूरज भाई ने कहा कि हमारे अंदर मन और बुद्धि दो महत्वपूर्ण शक्तियाँ हैं। अंतर्मन की शक्ति को जागृत करके हम शत्रु को मित्र बना सकते हैं और जीवन की कठिनाईयों को हल कर सकते हैं। मनोबल सशक्त होने पर हमारा परिवार भी सुखी होगा। मन और बुद्धि पर नियंत्रण के साथ ही हमारा चित्त शांत हो जाएगा। शांत चित्त से हम सही निर्णय करेंगे। सुबह जल्दी उठकर सबसे पहले अपने आप को जागृत करें। हम ईश्वर की सर्वशक्तिमान संतान हैं। हमारा जीवन सुखी होगा। हमारी हर कठिनाई दूर होगी। इन विचारों का कुछ देर तक मनन करें। स्वयं को भाग्यवान मानें। जिस तरह शरीर को ऊर्जा देने के लिए नाश्ता और भोजन किया जाता है उसी तरह मन को भी ऊर्जा देने के लिए सकारात्मक विचार दें।
कार्यक्रम में ब्राम्हकुमारी संस्था की क्षेत्रीय संचालक बहन बीके निर्मला ने कहा कि आज विन्ध्य क्षेत्र के अधिकारियों ने हम सब से जुड़कर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करने जो प्रयास किया है वह सराहनीय है।