
Spokes person of central government Adani
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमेरिका में अडाणी ग्रुप पर हुए केस और छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथ लेते हुए सीधे सीधेे केंद्र सरकार को अडाणी का प्रवक्ता बताया। हालांकि बघेल बिटकाइन के सवालों से बचते नजर आए। सीएम साय के सलाहकार पंकज कुमार झा ने एक्स पर पलटवार करते हुए लिखा है, जिस डील की बात अमेरिकन दस्तावेज में है वो छत्तीसगढ़ में काग्रेस सरकार के समय 2021 में हुई थी। दस्तावेज देखें भूपेश बघेल ने उसी दौरान यह डील किये थे। जिसके लिए रिश्वत देने की बात की गयी है। भूपेश बघेल झूठ बोलते हैं।हालांकि बघेल बिटकॉइन के सवालों से बचते नजर आए।
सोलर एनर्जी से जुड़ा कॉन्ट्रैक्ट
दरअसल, भारतीय उद्योगपति गौतम अडाणी पर अमेरिका में सोलर एनर्जी से जुड़ा कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए रिश्वत देने और धोखाधड़ी के आरोप लगे। न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में यह केस दर्ज हुआ था। गौतम अडाणी और उनके भतीजे सागर अडाणी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया है।
नोटिस अडाणी को…
बघेल ने कहा कि गुरुवार को अडाणी ग्रुप को नोटिस जारी हुआ था, लेकिन जवाब कौन दे रहा है? केंद्र में बैठी हुई सरकार के मंत्री और दूसरा भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता। अडाणी की ओर से कोई बयान नहीं आया, लेकिन भाजपा के मंत्री और प्रवक्ता इनकी सफाई देते रहे। इसलिए जो आरोप लगा रहे हैं वह शत प्रतिशत सही है की अदाणी और मोदी एक है।
झूठे आरोप लगा रही भाजपा
भूपेश बघेल ने भाजपा के आरोपों को भी नकारा और कहा कि, कांग्रेस सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ में अडाणी से एक भी MOU तक नहीं हुआ। जो भी काम रमन सरकार के चले आ रहे थे, केवल उन्हीं पर काम हुआ है। इनके पास कहने को कुछ नहीं है इसलिए झूठे आरोप लगा रहे हैं। गौतम अडानी पर जिन राज्यों में कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए अधिकारियों को रिश्वत देने का आरोप लगा है, उनमें छत्तीसगढ़ का भी नाम है।
भूपेश बघेल थे कांग्रेस के ATM- सेन
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कहा है कि राहुल गांधी द्वारा अडाणी ग्रुप के खिलाफ अमेरिकी केस का जिक्र करते हुए छत्तीसगढ़ में भी जांच की मांग की गई है। यह वही राज्य है जिसे भूपेश बघेल ने कभी कांग्रेस का “एटीएम” बना दिया था। अब सरकार जाने के बाद लगता है, राहुल गांधी का भरोसा भी भूपेश बघेल पर से उठ चुका है। भूपेशजी को समझना होगा कि खेल बड़ा हो चुका है। सवाल अब सीधे उनसे ही पूछे जाएंगे इसलिए पूर्व मुख्यमंत्री तैयार हो जाएं क्योंकि इस बार उनको उनकी पार्टी भी मदद नहीं करने वाली है।
धान खरीदी में किसानों को नुकसान
धान खरीदी पर भी सवाल उठाते हुए बघेल ने कहा कि कभी सर्वर डाउन हो रहा है तो कभी धान खरीदी केंद्र में धान नहीं खरीद रहे हैं। कही कम धान खरीदने की बात सामने आ रही हैं। किसानों इससे काफी नुकसान होगा। बड़ा छलावा किया जा रहा है।